IAS में प्रोन्नत हुए श्रम विभाग के अधिकारी राजेश प्रसाद का धनबाद में भव्य स्वागत

Share This News

धनबाद, 8 फरवरी 2025 – गैर प्रशासनिक सेवा से भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) में प्रोन्नत हुए श्रम विभाग के अधिकारी राजेश प्रसाद का आज धनबाद श्रम विभाग कार्यालय में भव्य स्वागत किया गया। कार्यालय के पदाधिकारियों और कर्मियों ने उन्हें बुके देकर सम्मानित किया और उनकी उपलब्धि पर हर्ष जताया।

राजेश प्रसाद ने इस अवसर पर कहा कि उन्होंने वर्ष 1999 में धनबाद श्रम विभाग में श्रम अधीक्षक के रूप में योगदान दिया था। इसके बाद वे 2006 से 2010 तक पुनः श्रम अधीक्षक और 2014 से 2016 तक सहायक श्रमायुक्त के पद पर कार्यरत रहे। वर्तमान में वे धनबाद में उप श्रमायुक्त के रूप में कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि श्रम विभाग में लंबे समय तक काम करने के दौरान उन्हें मजदूरों और कामगारों का भरपूर सहयोग मिला।

राजेश प्रसाद ने कहा, “एम्प्लॉयर और मजदूर के बीच सामंजस्य बैठाना श्रम विभाग का प्रमुख दायित्व है। कोरोना काल के दौरान इस जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा से निभाने का प्रयास किया गया।” उन्होंने अपने सम्मान समारोह पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि जिस तरह सभी ने स्वागत और अभिनंदन किया है, उससे उन्हें विशेष खुशी मिली है।

गौरतलब है कि हाल ही में भारत सरकार ने गैर झारखंड प्रशासनिक सेवा (JAS) के छह अधिकारियों को भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) में प्रोन्नत किया। इसके लिए संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने साक्षात्कार आयोजित किया था, जिसमें 21 अधिकारियों का इंटरव्यू लिया गया। अंततः छह अधिकारियों का चयन किया गया, जिनमें राजेश प्रसाद भी शामिल हैं।धनबाद श्रम विभाग कार्यालय में उनके सम्मान समारोह में विभागीय अधिकारियों और कर्मियों ने उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं और उनकी उपलब्धियों की सराहना की।

Leave a comment