उपायुक्त के जनता दरबार में दिव्यांग छात्रा को मिली नई उम्मीद

Share This News

समाहरणालय में श्रवण बाधित छात्रा समृद्धि कुमारी को तत्काल उपलब्ध कराई गई डिजिटल हियरिंग ऐड मशीन

धनबाद जिला प्रशासन आमजनों की समस्याओं के त्वरित एवं संवेदनशील समाधान के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। इसी क्रम में आज आयोजित उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री आदित्य रंजन के जनता दरबार में एक दिव्यांग छात्रा की सहायता के लिए मानवीय पहल करते हुए उसे तत्काल डिजिटल हियरिंग ऐड (कान की मशीन) उपलब्ध कराई गई।

धनसार के चाँदमारी निवासी श्री सुधीर कुमार विश्वकर्मा ने जनता दरबार में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री आदित्य रंजन को आवेदन देकर बताया कि उनकी 17 वर्षीय पुत्री समृद्धि कुमारी बचपन से ही श्रवण बाधित है। तमाम कठिनाइयों के बावजूद वह वर्तमान में आठवीं कक्षा में अध्ययनरत है।

उन्होंने बताया कि क्रिश्चियन मेडिकल कॉलेज (सीएमसी), वेलोर में चिकित्सकीय जांच के उपरांत डॉक्टरों ने समृद्धि के लिए डिजिटल हियरिंग ऐड लगाने की सलाह दी थी। लेकिन दैनिक मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करने वाले श्री विश्वकर्मा की आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं थी कि वे उक्त मशीन खरीद सकें। आर्थिक तंगी के कारण उनकी पुत्री को पढ़ाई एवं दैनिक जीवन में कई प्रकार की कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए उपायुक्त श्री आदित्य रंजन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए जिला समाज कल्याण पदाधिकारी श्रीमती स्नेह कश्यप को आवश्यक निर्देश दिए। आवेदन प्राप्त होने के उपरांत सभी आवश्यक औपचारिकताओं को पूरा कर तत्काल छात्रा के लिए डिजिटल हियरिंग ऐड मशीन उपलब्ध करा दी गई।

मशीन प्राप्त होने के बाद समृद्धि कुमारी एवं उनके पिता ने जिला प्रशासन और उपायुक्त के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस सहायता से समृद्धि को सुनने में काफी सहूलियत होगी तथा उसकी पढ़ाई और दैनिक गतिविधियों में आने वाली बाधाएं दूर होंगी।

उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन जरूरतमंद एवं दिव्यांगजनों की सहायता के लिए प्रतिबद्ध है तथा जनता दरबार के माध्यम से प्राप्त होने वाले मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन सुनिश्चित किया जा रहा है।

Leave a comment