उपायुक्त ने की जिला आधार निगरानी समिति की समीक्षा बैठक

Share This News

प्रखंड स्तरीय सभी आधार केंद्रों के बाहर होगी वॉल राइटिंग, अवैध वसूली की शिकायत के लिए उपायुक्त, बीडीओ समेत अन्य पदाधिकारी के नंबर होंगे प्रदर्शित

उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री आदित्य रंजन की अध्यक्षता में समाहरणालय में जिला आधार निगरानी समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में आधार नामांकन एवं अद्यतन कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने सभी सीडीपीओ एवं लेडी सुपरवाइजर (एलएस) को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्र में आधार नामांकन एवं अद्यतन कार्यों की प्रगति रिपोर्ट प्रत्येक माह उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि लाभुकों के आधार में मोबाइल नंबर अपडेट कराने के कार्य में तेजी लाई जाए ताकि विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में किसी प्रकार की कठिनाई न हो।

उपायुक्त ने जिला मुख्यालय स्थित समाहरणालय परिसर में आधार सेवा केंद्र स्थापित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि उक्त केंद्र पर आधार से संबंधित सेवाओं के साथ-साथ आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट (आभा) कार्ड बनाने की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।

बैठक में उपायुक्त ने प्रत्येक प्रखंड, आंगनबाड़ी केंद्र एवं बीआरसी परिसर में संचालित आधार सुधार केंद्रों के बाहर वॉल राइटिंग कराने का निर्देश दिया। वॉल राइटिंग में उपायुक्त, संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ), लेडी सुपरवाइजर (एलएस) का नंबर अंकित किया जाएगा। इसका उद्देश्य आधार सेवाओं के नाम पर अवैध वसूली एवं दलालों की गतिविधियों पर रोक लगाना है। उपायुक्त ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति निर्धारित शुल्क से अधिक राशि की मांग करता है तो आमजन तत्काल दिए गए नंबरों पर सूचना देकर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

बैठक में आधार नामांकन केंद्रों की कार्यप्रणाली, मोबाइल नंबर अपडेट, बायोमेट्रिक अद्यतन एवं लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य करने तथा आमजन को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

बैठक में उपायुक्त श्री आदित्य रंजन, जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री अभिषेक झा, जिला आपूर्ति पदाधिकारी श्री पंकज कुमार, डीपीओ यूआईडी श्री अमित सिंह, सहायक मैनेजर श्री हरवीर सिंह, हेड पोस्टमास्टर समेत समाज कल्याण तथा सीएस कार्यालय से प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a comment