धनबाद के सदर अस्पताल में आज एक महिला का जटील ऑपरेशन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। परिवार की आर्थिक स्थिति सीमित होने के कारण निजी अस्पताल में इस प्रकार के ऑपरेशन पर लगभग 30,000 से 40,000 रुपये तक का खर्च आ सकता था, जो उनके लिए वहन करना कठिन था। सदर अस्पताल में यह उपचार निःशुल्क उपलब्ध होने से उन्हें समय पर जीवनरक्षक चिकित्सा मिल सकी।
इसकी विस्तृत जानकारी देते हुए अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ संजीव कुमार प्रसाद ने बताया कि बरवाअड्डा निवासी 42 वर्षीय श्रीमती लखीवाला देवी, पति श्री दुलाल चंद्र प्रमाणिक, पिछले लगभग तीन महीनों से अत्यधिक मासिक रक्तस्राव की समस्या से परेशान थीं। लगातार रक्तस्राव के कारण उनकी शारीरिक स्थिति कमजोर होती जा रही थी। आर्थिक तंगी के कारण वे निजी अस्पताल में उपचार कराने में असमर्थ थीं। अंततः उन्होंने सदर अस्पताल, धनबाद का रुख किया और यहाँ कार्यरत स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ संजीव कुमार प्रसाद से परामर्श लिया।
विस्तृत जांच एवं अल्ट्रासोनोग्राफी कराने पर पता चला कि उनकी बच्चेदानी में गांठ है, जिसके कारण अत्यधिक रक्तस्राव हो रहा था। उनकी स्थिति को देखते हुए आज दिनांक 10 जून 2026 को डॉ. संजीव कुमार प्रसाद के नेतृत्व में सफलतापूर्वक बच्चेदानी निकालने का ऑपरेशन किया गया।
ऑपरेशन के दौरान एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ दिनेश कुमार द्वारा एनेस्थीसिया दिया गया। शल्य चिकित्सा टीम के सहायक के रूप में श्री मधुसूदन मरांडी एवं श्री रंजन उपस्थित रहे।
ऑपरेशन पूरी तरह सफल रहा और वर्तमान में मरीज स्वस्थ हैं तथा तेजी से स्वास्थ्य लाभ कर रही हैं। लखीवाला देवी एक गृहिणी हैं तथा उनके दो पुत्र और एक पुत्री हैं। उनके पति पेशे से चालक हैं।
लखीवाला देवी एवं उनके परिजनों ने सदर अस्पताल के चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यदि उन्हें सरकारी अस्पताल में यह सुविधा नहीं मिलती, तो आर्थिक कारणों से उपचार कराना अत्यंत कठिन हो जाता।