धनबाद। केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में बुधवार को धनबाद विधायक राज सिन्हा के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जगजीवन नगर स्थित मानस मंदिर में पूजा-अर्चना कर देश की समृद्धि और प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक उपस्थित रहे।
धनबाद विधायक राज सिन्हा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की केंद्र सरकार ने विकास, गरीब कल्याण और जनविश्वास के आधार पर 12 वर्षों का सफल कार्यकाल पूरा किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा देने वाले प्रधानमंत्रियों में शामिल हो चुके हैं और उनके नेतृत्व में महिलाओं, किसानों, युवाओं और गरीबों के उत्थान के लिए कई ऐतिहासिक योजनाएं लागू की गई हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता भगवान से प्रार्थना करते हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उत्तम स्वास्थ्य और लंबी आयु मिले, ताकि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र और विश्व गुरु बनाने का उनका संकल्प साकार हो सके। उन्होंने कहा कि भारत को पहले सोने की चिड़िया और विश्व गुरु कहा जाता था, जिसे पुनः स्थापित करने की दिशा में केंद्र सरकार लगातार कार्य कर रही है।
समाजसेवी नित्यानंद मंडल ने कहा कि मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने की खुशी में मानस मंदिर में पूजा-अर्चना कर उत्सव मनाया गया तथा देश की उन्नति और समृद्धि की कामना की गई।