सरायढेला पुलिस की तत्परता से बड़ी सफलता……….
छीना गया पर्स, नकदी, मोबाइल और बाइक बरामद……………
धनबाद में सरायढेला पुलिस ने झपटमारी की एक घटना का त्वरित खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अपराधी के पास से मोटरसाइकिल, लूटे गए पर्स और उसमें रखा रुपया और दो मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है।
मंगलवार को इस संबंध जानकारी देते डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर प्रकाश सोय ने बताया कि रविवार 8 जून 2026 को शाम करीब 4 बजकर 40 मिनट पर सरायढेला थाना प्रभारी मंजीत कुमार को सूचना मिली कि बिना नंबर की पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक एक महिला का लेडीज पर्स छीनकर फरार हो रहे हैं।
पीड़िता जोशना देवी, जो राजगंज थाना क्षेत्र के बगदाहा गांव की रहने वाली हैं, अपने ससुराल से राजगंज लौट रही थीं। इसी दौरान बाइक सवार अपराधियों ने उनका पर्स झपट लिया और भाग निकले। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ने गश्ती पदाधिकारी सब इंस्पेक्टर रजनीश कुमार को तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया। पुलिस ने आरोपियों के भागने वाले मार्ग पर घेराबंदी करते हुए पीछा शुरू किया। बलियापुर जाने वाली सड़क के पास पीड़िता ने दोनों आरोपियों की पहचान की, जिसके बाद पुलिस ने उनका पीछा तेज कर दिया।
भागने के दौरान सामने पुलिस पेट्रोलिंग वाहन देखकर दोनों आरोपी घबरा गए और उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। हादसे में दोनों को चोटें आईं, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर ही उन्हें दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान करण कुमार वर्मा (22) और चंदू कुमार विश्वकर्मा (21) के रूप में हुई है। दोनों बलियापुर थाना क्षेत्र के बेलगड़िया के निवासी हैं।
पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त काले रंग की पल्सर एनएस-125 मोटरसाइकिल, पीड़िता का लाल रंग का लेडीज पर्स, पर्स में रखे 4 हजार 500 रुपये नकद तथा दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए हैं। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।