राजनितिक दलों के साथ की बूथ लेवल एजेंट मनोनयन की चर्चा
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त श्री आदित्य रंजन के निर्देशानुसार आज प्रखंड कार्यालय, बाघमारा में निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, 43-बाघमारा-सह-निदेशक, लेखा प्रशासन एवं स्वनियोजन श्री राजीव रंजन की अध्यक्षता में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) को लेकर बैठक आयोजित की गई। इसमें 42 – टुंडी विधानसभा के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह एलआरडीसी श्री दिलीप कुमार महतो भी उपस्थित थे।
बैठक में टुंडी तथा बाघमारा विधानसभा के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी ने कम प्रगति वाले सभी बीएलओ को अविलंब मैपिंग का कार्य 50% से अधिक करने का कड़ा निर्देश दिया गया। उनको यह भी कहा गया कि निर्देश का पालन नहीं करने पर उनके विरुद्ध सीधे अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक के दौरान बाघमारा में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के सफल संचालन के लिए राजनीतिक दलों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें बूथ लेवल एजेंट-1 और बूथ लेवल एजेंट-2 के मनोनयन पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में क्षेत्र के सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रखंड अध्यक्ष, प्रखंड सचिव तथा प्रतिनिधि मुख्य रूप से उपस्थित हुए। अधिकारियों द्वारा सभी राजनीतिक दलों को उनके कार्यों एवं उत्तरदायित्वों से विस्तृत रूप से अवगत कराया गया ताकि आगामी पुनरीक्षण कार्य में किसी भी प्रकार की त्रुटि न रहे।
सभी राजनीतिक दलों से अनुरोध किया गया है कि वे अपने-अपने स्तर पर योग्य बूथ लेवल एजेंटों का नाम निर्देशन ससमय पूर्ण कर लें। जिससे मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया को पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी बनाया जा सके। बैठक में उपस्थित प्रतिनिधियों ने भी प्रशासन को इस राष्ट्रीय कार्य में पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया है।
बैठक में सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-प्रखंड विकास पदाधिकारी बाघमारा, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-अंचल अधिकारी (टुंडी, बाघमारा एवं तोपचांची), सभी पर्यवेक्षक, 50% से कम एसआईआर मैपिंग वाले बीएलओ, कम्प्यूटर ऑपरेटर राजु महतो, मनोज कुमार, अविनाश कुमार, रूपेश कुमार पाण्डेय, अमित कुमार तिवारी, सभी बीएलओ सुपरवाईजर उपस्थित थे।