गोविंदपुर में दिनदहाड़े चैन स्नैचिंग, महिला से सोने की चैन झपटी

Share This News

डॉक्टर के पास आई महिला बनी शिकार…………….

आरोपी हिरासत में होने का दावा………………..

मामले में पुराने विवाद की भी आशंका…………………

धनबाद के गोविंदपुर थाना क्षेत्र में बुधवार को दिनदहाड़े चैन छिनतई की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। हजारीबाग की रहने वाली एक महिला से अज्ञात युवक ने सोने की चैन छीन ली और मौके से फरार हो गया। हालांकि, जिस युवक पर आरोप लगाया जा रहा है, उसके पुलिस हिरासत में होने की भी बात सामने आ रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

जानकारी के अनुसार हजारीबाग जिले के बड़कागांव निवासी नेहा परवीन अपने परिजनों के साथ गोविंदपुर स्थित डॉक्टर संजय कुमार को दिखाने आई थीं। रास्ते की सही जानकारी नहीं होने के कारण वे स्वागत पेट्रोल पंप के समीप रुकी हुई थीं। इसी दौरान एक अज्ञात युवक वहां पहुंचा और उनके गले से सोने की चैन झपटकर फरार हो गया।

पीड़िता के अनुसार आरोपी युवक के बाल लंबे थे और उसने टी-शर्ट पहन रखी थी। घटना इतनी तेजी से हुई कि उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला। घटना के बाद उन्होंने गोविंदपुर थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की।

वहीं आरोपी पक्ष की ओर से भी बयान सामने आया है। आरोपी के।पिता रईसुद्दीन का कहना है कि उनके लड़के को इस मामले में जानबूझकर फंसाया जा रहा है। दोनों पक्षों के दावों के बाद मामला और भी पेचीदा हो गया है। ऐसे में पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और मामले की सच्चाई तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। अब जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि यह चैन छिनतई की वास्तविक घटना है या फिर इसके पीछे कोई पुराना विवाद और साजिश छिपी हुई है।

Leave a comment