धनबाद में आयोजित कार्यक्रम में रोजगार, युवाओं के अधिकार और नीट पेपर लीक मुद्दे को लेकर केंद्र सरकार को घेरा
धनबाद :धनबाद जिला युवा राष्ट्रीय जनता दल की ओर से मंगलवार को लुबी सर्कुलर रोड स्थित विवाह भवन में युवा संवाद चौपाल यात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में युवा राजद के प्रदेश अध्यक्ष रंजन यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता और राजद नेता उपस्थित रहे।
मीडिया से बातचीत करते हुए प्रदेश अध्यक्ष रंजन यादव ने कहा कि राष्ट्रीय जनता दल द्वारा झारखंड के सभी 24 जिलों में युवा संवाद चौपाल यात्रा चलाई जा रही है। इसी क्रम में धनबाद में भी कार्यक्रम आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य युवाओं को राजद से जोड़ना, उन्हें एकजुट करना तथा स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में जागरूकता फैलाना है। साथ ही समाज के अंतिम व्यक्ति को उसके हक और सम्मान दिलाने के लिए युवाओं को संगठित किया जा रहा है।
रंजन यादव ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि हर साल दो करोड़ युवाओं को रोजगार देने का वादा कर सत्ता में आई मोदी सरकार अपने वादों को पूरा करने में विफल रही है। उन्होंने नीट पेपर लीक मामले को लेकर भी केंद्र सरकार को घेरते हुए युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ का आरोप लगाया। धनबाद राजद जिलाध्यक्ष राघवेंद्र प्रताप ने कहा राजद का युवा चौपाल शुरू किया गया एक प्रमुख जनसंपर्क और जागरूकता अभियान है इसका मुख्य उद्देश्य युवाओं को बेरोजगारी शिक्षा रोजगार और स्थानीय मुद्दों पर जागरूक करना,उन्हें पार्टी की विचारधारा से जोड़ना और उनके अधिकारों के लिए संगठित संघर्ष को बढ़ावा देना है।ओबीसी जिलाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार ने नीट पेपर रिलीज 2015,21,24 व 26 के संदर्भ में विस्तार रूप से चर्चा की।कार्यक्रम में मुख्य रूप से सचिव प्रवीण कुमार,प्रदेश प्रभारी गणेश दास, ओबीसी जिला प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष तारकेश्वर यादव,ओबीसी जिलाध्यक्ष सतेंद्र कुमार, आर एन यादव धनबाद जिलाध्यक्ष राघवेंद्र प्रताप, प्रदेश उपाध्यक्ष नईम खान मुमताज कुरैशी विनोद पासवान, मुन्नीलाल समेत सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे ।