धनबाद। श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग की ओर से शनिवार को एक दिवसीय दत्तोपंत ठेंगड़ी रोजगार मेला का आयोजन किया गया। रोजगार मेले में 20 से अधिक कंपनियों ने अपने स्टॉल लगाए, जहां बड़ी संख्या में युवाओं ने पहुंचकर विभिन्न पदों के लिए आवेदन किया। अभ्यर्थियों को उनकी योग्यता और कौशल के अनुरूप रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए। चयनित अभ्यर्थियों को मौके पर ही ऑफर लेटर भी प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला खाद्य आपूर्ति पदाधिकारी पंकज कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। उन्होंने मेले का निरीक्षण कर अभ्यर्थियों और कंपनी प्रतिनिधियों से बातचीत की।
सहायक नियोजन पदाधिकारी पदमा कुमारी ने बताया कि रोजगार मेले का उद्देश्य जिले के बेरोजगार युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। इसके लिए विभिन्न क्षेत्रों की कंपनियों को आमंत्रित किया गया है। उन्होंने कहा कि चयनित अभ्यर्थियों को रोजगार के साथ-साथ आवश्यक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा, जिससे वे भविष्य में अपने कार्यक्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
जिला खाद्य आपूर्ति पदाधिकारी पंकज कुमार ने कहा कि वर्तमान समय में रोजगार के स्वरूप और कौशल की मांग लगातार बदल रही है। ऐसे में युवाओं को भी अपने कौशल को समय-समय पर उन्नत करना चाहिए। इससे उन्हें रोजगार प्राप्त करने और अपने करियर में आगे बढ़ने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है और रोजगार मेले इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल हैं।