धनबाद: 20.05.26
आज दिनांक 20.05.26 को रेलवे अधिकारी क्लब, धनबाद में आयोजित दस दिवसीय समर कैंप 2026 के समापन कार्यक्रम का शुभारम्भ पूर्व मध्य रेल मंडल महिला कल्याण संगठन, धनबाद मंडल की अध्यक्षा श्रीमती प्रिया मिश्र द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया | इस समर कैंप में विभिन्न विद्यालयों के 4 वर्ष से 10 वर्ष आयु वर्ग के कुल 38 बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया एवं बच्चों ने विभिन्न गतिविधियों और कार्यशालाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया | इस समर कैंप में बच्चों ने आत्मरक्षा प्रशिक्षण, नृत्य एवं संगीत, ड्राइंग, कला एवं शिल्प तथा मिट्टी के बर्तन निर्माण जैसी विभिन्न गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया | कैंप में प्रशिक्षित एवं अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा बच्चों को मार्गदर्शन प्रदान किया गया, जिससे वे नई-नई कलाओं एवं कौशलों को सीख सकें | कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों के सर्वांगीण विकास, आत्मविश्वास में वृद्धि तथा उनकी रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करना रहा। साथ ही, पूर्व मध्य रेल मंडल महिला कल्याण संगठन, धनबाद मंडल की अध्यक्षा एवं मनोवैज्ञानिक/काउंसलर श्रीमती प्रिया मिश्र द्वारा “पेरेंटिंग एवं जेंटल पेरेंटिंग : मिथक, तथ्य और सकारात्मक जुड़ाव” विषय पर एक संवादात्मक एवं प्रेरणादायी चर्चा सत्र का आयोजन किया गया। इस सत्र में अभिभावकों को बच्चों के साथ सकारात्मक संवाद, भावनात्मक जुड़ाव एवं बेहतर पालन-पोषण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्रदान की गईं। इस अवसर पर पूर्व मध्य रेल मंडल महिला कल्याण संगठन, धनबाद मंडल की उपाध्यक्षा श्रीमती अल्पना झा एवं श्रीमती मीनाक्षी, श्रीमती शैली सहित संगठन की अन्य सम्मानित सदस्याएं, मंडल के कर्मचारीगण तथा अन्य गणमान्य अतिथिगण उपस्थित थे |