धनबाद: 5 फरवरी 2025संयुक्त ट्रेड यूनियन मोर्चा ने आज देशभर में धरना प्रदर्शन आयोजित कर केंद्रीय बजट को जनविरोधी, किसान विरोधी और युवा विरोधी करार दिया। धनबाद के रणधीर वर्मा चौक पर आयोजित धरने में इंटक नेता एके झा ने कहा कि संसद में पेश हुआ केंद्रीय बजट मजदूर विरोधी और किसान विरोधी है, और इसे तत्काल प्रभाव से वापस लिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार चार श्रम संहिता को लागू करने पर अड़ी हुई है, जिसे रोकने के लिए संघर्ष तेज किया जाएगा।
एके झा ने आगे कहा, “6 जनवरी को नई दिल्ली में आयोजित केंद्रीय ट्रेड यूनियनों, स्वतंत्र फेडरेशनों और एसोसिएशनों की बैठक में कॉपोरेट-सांप्रदायिक शासन की नीतियों पर गहरी चिंता व्यक्त की गई थी। वर्तमान सरकार अपने तीसरे कार्यकाल में भी अपनी जनविरोधी और मजदूर विरोधी नीतियों को जारी रखे हुए है, जिससे जनता पर बेरोजगारी, गरीबी और छंटनी का बोझ बढ़ रहा है।”
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सरकार ने निजीकरण और सार्वजनिक उपक्रमों की बिक्री की अपनी नीतियों को जारी रखा है और इसके परिणामस्वरूप संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर लगातार हमला किया जा रहा है।धरने के बाद, प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में उपायुक्त के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया।