धनबाद। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस धनबाद जिला कांग्रेस कमेटी के द्वारा शुक्रवार को रणधीर वर्मा चौक से धरना स्थल तक प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने धनबाद अंचल अधिकारी रामप्रवेश के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनके स्थानांतरण की मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान “धनबाद सीओ मुर्दाबाद” और “धनबाद सीओ हाय-हाय” के नारे लगाए गए।
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष संतोष सिंह ने बताया कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में सभी को धरना-प्रदर्शन करने की छूट है। उन्होंने कहा कि हाल ही में कांग्रेस जिला कमेटी द्वारा किए गए आंदोलन के बाद धनबाद अंचल अधिकारी रामप्रवेश द्वारा धनबाद थाना में 18 कांग्रेस नेताओं पर प्राथमिकी दर्ज कराई गई, जो अंचल अधिकारी की तानाशाही को दर्शाता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में झामुमो और कांग्रेस गठबंधन की सरकार होने के बावजूद अंचल अधिकारी मनमानी ढंग से काम कर रहे हैं। संतोष सिंह ने कहा कि लगातार आम लोगों से शिकायत मिल रही है कि धनबाद अंचल अधिकारी रिश्वत लेकर काम कर रहे हैं। उन्होंने मांग की कि वर्तमान अंचल अधिकारी का अविलंब स्थानांतरण किया जाए और उनके कार्यों की जांच कराई जाए।
वहीं कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष शमशेर आलम ने कहा कि बीते दिनों भूली नगर और धनबाद नगर कांग्रेस द्वारा आम लोगों की समस्याओं को लेकर आंदोलन किया जा रहा था, जिस पर 18 कांग्रेस नेताओं पर केस दर्ज किया गया। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक देश में आंदोलन करना अधिकार है, लेकिन अंचल अधिकारी इस अधिकार का हनन कर रहे हैं।