धनबाद। कोर्ट के समीप कोहिनूर मैदान में नगर निगम द्वारा बनाए गए वेंडिंग जोन में छोटे विक्रेताओं को बसाने की प्रक्रिया तेज हो गई है। 7 मई को नगर निगम कार्यालय में लॉटरी के माध्यम से 177 छोटे विक्रेताओं को दुकान आवंटित की गई। इसी को लेकर बुधवार को कोर्ट रोड के दोनों ओर ठेले पर सामान बेचने वाले विक्रेताओं ने अपनी समस्याएं सामने रखीं।
विक्रेता अजय साव ने बताया कि पहले वेंडिंग जोन तक पहुंचने के लिए सड़क निर्माण की मांग की गई थी, जिसके बाद अब एप्रोच रोड का निर्माण कराया गया है। लेकिन पहले जिन विक्रेताओं को दुकान आवंटित की गई थी, उन्होंने दुकानों में ताला लगा रखा है। ऐसे में नए विक्रेता अपना सामान कहां रखेंगे, यह बड़ी समस्या है। उन्होंने कहा कि पहले भी कई विक्रेताओं ने वहां दुकान लगाने की कोशिश की थी, लेकिन बिक्री नहीं होने के कारण उन्हें नुकसान उठाना पड़ा। अब उन्हें अपनी रोजी-रोटी और बच्चों की पढ़ाई की चिंता सता रही है।
वहीं विक्रेता बप्पी घोष ने कहा कि नगर निगम ने कोर्ट रोड पर ठेला लगाने से मना कर दिया है और वेंडिंग जोन में शिफ्ट होने को कहा है, लेकिन अब तक उन्हें दुकान नहीं सौंपी गई है। उन्होंने कहा कि सिर्फ नाम घोषित कर देने से समस्या का समाधान नहीं होगा।
पूरे मामले पर मेयर संजीव सिंह ने कहा कि वेंडिंग जोन में दुकानों के आवंटन से कोर्ट रोड पर जाम और पार्किंग की समस्या का समाधान होगा। उन्होंने कहा कि नगर निगम की प्राथमिकता छोटे विक्रेताओं और आम लोगों की सुविधा है। इसी उद्देश्य से वेंडिंग जोन को बेहतर बनाया जा रहा है। साथ ही वहां तक पहुंचने के लिए एप्रोच रोड भी तैयार किया गया है, ताकि ग्राहक आसानी से वेंडिंग जोन तक पहुंच सकें।