डुहाटांड युवक हत्याकांड : बारामासिया पुल पर उबाल, महापौर संजीव सिंह ने परिजनों को दिया न्याय का भरोसा

Share This News

धनबाद(DHANBAD): डुहाटांड निवासी युवक की हत्या से गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने सोमवार को बारामासिया पुल पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की।

घटना की जानकारी मिलते ही धनबाद के महापौर Sanjeev Singh मौके पर पहुंचे और मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से बातचीत कर मामले में तेजी से कार्रवाई करने को कहा।

महापौर ने सिटी एसपी, धनबाद थाना प्रभारी और धनसार थाना प्रभारी से चर्चा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिया कि हत्या में शामिल अपराधियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए। पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि मामले की जांच के लिए विशेष टीम बनाई गई है और लगातार छापेमारी की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार अगले 48 घंटे के भीतर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास तेज कर दिया गया है।

महापौर संजीव सिंह ने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता देने का आश्वासन देते हुए कहा कि न्याय दिलाने के लिए वे हर स्तर पर साथ खड़े रहेंगे।

प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। लोगों में घटना को लेकर भारी नाराजगी देखी गई और सभी ने दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सख्त सजा देने की मांग उठाई।

महापौर संजीव सिंह ने कहा कि चाँदमारी मैदान में हुई यह घटना बेहद दुखद है और ऐसे अपराध किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए प्रशासन पर लगातार दबाव बनाया जाएगा।

वहीं पुलिस प्रशासन ने बताया कि जांच तेजी से आगे बढ़ रही है और मामले में शामिल सभी आरोपियों की गिरफ्तारी जल्द सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a comment