चार लेबर कोड के विरोध में सीटू का प्रदर्शन, मजदूर हितों पर हमला का लगाया आरोप

Share This News

धनबाद। सीआईटीयू (सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियंस) के बैनर तले मंगलवार को रणधीर वर्मा चौक स्थित धरना स्थल पर एक दिवसीय प्रदर्शन किया गया। कॉरपोरेट-सत्ता गठजोड़ के दमन के खिलाफ राष्ट्रीय मांग दिवस के तहत आयोजित इस प्रदर्शन में श्रमिक संगठनों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए चार लेबर कोड वापस लेने की मांग उठाई। प्रदर्शन का नेतृत्व सीटू जिला अध्यक्ष आनंद महिपाल ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रमिक और संगठन से जुड़े लोग मौजूद रहे।

आनंद महिपाल ने कहा कि पहले जो श्रम कानून लागू थे, उनमें मजदूरों के हितों की सुरक्षा के प्रावधान थे, लेकिन केंद्र सरकार ने उन्हें समाप्त कर कॉरपोरेट और पूंजीपतियों के हित में नया चार लेबर कोड लागू किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि इससे श्रमिकों के अधिकार कमजोर होंगे और मजदूरों का शोषण बढ़ेगा।

उन्होंने कहा कि श्रम और श्रमिकों के बिना समाज और उद्योग की कल्पना नहीं की जा सकती, लेकिन केंद्र सरकार लगातार मजदूर विरोधी नीतियां अपना रही है। गरीब और श्रमिक वर्ग पर हमले के खिलाफ देशभर में विरोध शुरू हो गया है और सीटू भी लगातार इसका विरोध कर रही है।

Leave a comment