धनबाद: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने मंगलवार को धनबाद सर्किट हाउस में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान राज्य की वर्तमान कानून व्यवस्था को लेकर हेमंत सोरेन सरकार की जमकर घेराबंदी की। मरांडी ने प्रदेश की स्थिति को “अत्यंत भयावह” बताते हुए आरोप लगाया कि राज्य सरकार के संरक्षण में ही अपराधी और माफिया फल-फूल रहे हैं।
*प्रमुख आरोप: अनुराग गुप्ता के सेवा विस्तार पर उठाए सवाल
मरांडी ने झारखंड के वर्तमान पुलिस महानिदेशक (DGP) अनुराग गुप्ता की नियुक्ति और सेवा विस्तार को लेकर सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि अनुराग गुप्ता को पहले दो साल तक निलंबित (Suspend) रखा गया। हेमंत सोरेन सरकार ने नियमों को ताक पर रखकर, सेवा समाप्त होने के बाद उन्हें सेवा विस्तार (Extension) दिया। मरांडी के अनुसार, यह कदम केवल “पसंदीदा” अधिकारियों को महत्वपूर्ण पदों पर बैठाकर राजनीतिक लाभ लेने और विरोधियों को दबाने के लिए किया गया है।
धनबाद में गैंगवार और ‘प्रिंस खान’ का मुद्दा
कोयला नगरी धनबाद में बढ़ते अपराध और गैंगवार पर चिंता व्यक्त करते हुए मरांडी ने कहा कि शहर अब माफियाओं की चारागाह बन गया है। उन्होंने हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल हुए गैंगस्टर प्रिंस खान के कथित वीडियो और ऑडियो का जिक्र किया, जिसमें पुलिस प्रशासन और आर्म्स सप्लाई के इंटरनेशनल कनेक्शन की बात सामने आई है।
NIA जांच की मांग: “अंतरराष्ट्रीय साजिश की हो रही बू”
बाबूलाल मरांडी ने धनबाद एसएसपी और प्रिंस खान के बीच कथित संबंधों और अवैध हथियारों की तस्करी के अंतरराष्ट्रीय लिंक को एक गंभीर राष्ट्रीय सुरक्षा का मुद्दा बताया। उन्होंने झारखंड सरकार से मांग की मामलों का NIA (राष्ट्रीय जांच एजेंसी) से जांच कराई जाए। गैंगस्टरों को मिल रहे हथियारों के ‘इंटरनेशनल रूट’ का पर्दाफाश किया जाए। पुलिस और अपराधियों के बीच के गठजोड़ को खत्म करने के लिए केंद्रीय एजेंसियों की मदद ली जाए।
प्रेस वार्ता के अंत में मरांडी ने चेतावनी देते हुए कहा कि राज्य की परिस्थितियां एक खतरनाक मोड़ पर पहुंच गई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने खुद ऐसी परिस्थितियां पैदा की हैं ताकि अराजकता का माहौल बना रहे। उन्होंने दावा किया कि जनता इस कुशासन को देख रही है और आने वाले समय में इसका करारा जवाब देगी।