इन जिलों में झमाझम बारिश का अलर्ट, तेज हवा और वज्रपात की चेतावनी जारी

Share This News

रांची: सोमवार शाम राजधानी का मौसम अचानक बदल गया। देखते ही देखते आसमान में घने बादल छा गए और तेज बारिश शुरू हो गई। करीब एक घंटे तक हुई इस बारिश ने शहर को तरबतर कर दिया। कई इलाकों में सड़कों पर पानी भर गया, नालियां उफान पर आ गईं और यातायात की रफ्तार धीमी पड़ गई। हालांकि, इस बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली और तापमान में करीब 5 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई।

मौसम विज्ञान केंद्र रांची के अनुसार, 5 मई को रांची के साथ-साथ रामगढ़, हजारीबाग, बोकारो, धनबाद, गुमला, खूंटी, लोहरदगा, कोडरमा समेत दक्षिणी झारखंड के कई जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश की संभावना है। इस दौरान 50-60 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और वज्रपात को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग ने यह भी संकेत दिया है कि 10 मई तक राज्य में बादल, गरज और बारिश का दौर जारी रह सकता है, जिसके लिए येलो अलर्ट लागू है। तेज हवाओं के कारण कई जगह पेड़ गिरने और टहनियां टूटकर सड़कों पर फैलने की घटनाएं सामने आई हैं। साथ ही नालियों के ओवरफ्लो होने से गंदा पानी सड़कों पर बहता नजर आया, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हुआ।

पिछले 24 घंटों में झारखंड के अधिकांश हिस्सों में बारिश दर्ज की गई, जिसमें बोकारो जिले के तेनूघाट में सबसे अधिक वर्षा हुई। वहीं खूंटी में ओलावृष्टि भी देखने को मिली।

मौसम विभाग के मुताबिक 5 से 7 मई के बीच तापमान में 2 से 3 डिग्री की और गिरावट आ सकती है। इसके बाद 8 और 9 मई से तापमान स्थिर रहने की संभावना है, लेकिन बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने के आसार बने रहेंगे।

Leave a comment