काला बिल्ला लगाकर किया गया विरोध प्रदर्शन
उपायुक्त से मिलकर मुख्यमंत्री के नाम सोपे ज्ञापन
धनबाद । हजारीबाग में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के समर्थकों द्वारा स्वास्थ्य मंत्री के सामने पत्रकारों के साथ की गई मारपीट और हमले की घटना के विरोध में धनबाद में पत्रकारों का गुस्सा फूट पड़ा है.
इस घटना से पत्रकारों में भारी आक्रोश है और उन्होंने इसे लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर सीधा हमला करार दिया है। इसे लेकर शनिवार को रणधीर वर्मा चौक पर धनबाद प्रेस क्लब, कतरास प्रेस क्लब और निरसा सहित जिले के विभिन्न हिस्सों से आए पत्रकारों ने एकजुट होकर एक दिवसीय धरना दिया और जोरदार प्रदर्शन किया।प्रदर्शनकारियों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी पर निशाना साधा । पत्रकारों का आरोप है कि मंत्री के सामने उनके समर्थकों द्वारा इस घटना को अंजाम दिया गया है । पत्रकारों ने स्वास्थ्य मंत्री से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की भी मांग की है। धरना के माध्यम से पत्रकारों ने कहा कि हजारीबाग की घटना की जिम्मेदारी लेते हुए स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी को तत्काल बर्खास्त किया जाए। मारपीट करने वाले मंत्री के समर्थकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई हो। यही नहीं आए दिन पत्रकारों पर हो रहे हमलों को देखते हुए राज्य में अविलंब पत्रकार सुरक्षा कानून’ लागू करने की मांग की गई।
वहीं धरने को संबोधित करते हुए विभिन्न पत्रकार संगठनों के प्रतिनिधियों ने सरकार की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए। वक्ताओं ने कहा कि सरकार डॉक्टर, वकील और अन्य वर्गों की सुरक्षा के लिए तमाम योजनाएं और कानून बनाती है लेकिन अपनी जान जोखिम में डालकर निष्पक्ष रिपोर्टिंग करने वाले पत्रकारों के हितों और सुरक्षा को पूरी तरह से अनदेखा किया जा रहा है। धनबाद प्रेस क्लब ने पत्रकार पिटाई मामले को लेकर धरना प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री के नाम उपयुक्त को ज्ञापन भी सौंपा।
इस विरोध प्रदर्शन में धनबाद प्रेस क्लब, कतरास प्रेस क्लब और निरसा के पत्रकार बढ़-चढ़कर शामिल हुए। पत्रकारों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द विचार नहीं किया गया तो इस आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।इस धरना कार्यक्रम में धनबाद प्रेस क्लब के महासचिव अजय प्रसाद, उपाध्यक्ष शरद चंद्र पांडे, उपाध्यक्ष बलवंत कुमार उपाध्यक्ष सुरेंद्र यादव सचिव संजय चौरसिया, सचिव राम मूर्ति पाठक, सचिव चंदन पाल, कार्यकारिणी सदस्य विक्की प्रसाद, गोपाल प्रसाद, विपिन रजक, वरिष्ठ पत्रकार ज्ञानवर्धन मिश्रा, पूर्व धनबाद प्रेस क्लब अध्यक्ष अशोक शर्मा, पूर्व धनबाद प्रेस क्लब महासचिव पंकज कुमार,कतरास प्रेस क्लब के अध्यक्ष इंद्रजीत पासवान, विनोद रजक, निकेश पांडे, निरसा से इंद्रदेव प्रसाद के अलावा धनबाद प्रेस क्लब के सदस्य कुमार अभिषेक, जयदेव गुप्ता, प्रकाश कुमार, इंदु शेखर खां, मोहम्मद शब्बीर, सिथून मोदक, सत्येंद्र चौहान, संजय कुमार गुप्ता, मनोज कुमार, अमित सिन्हा, दिलशाद खान, छोटे खान, जीतू कुमार, राजीव कुमार सिंह, वीरेंद्र पासवान, आर एन चौरसिया, राजकुमार जायसवाल, राजेश कुमार, सुनील भंडारी, महेश पासवान सहित अन्य पत्रकार शामिल रहे।