धनबाद में बाइक चोरी गैंग का पर्दाफाश, 4 गिरफ्तार, 8 मोटरसाइकिल बरामद

Share This News

धनबाद के बरवाअड्डा थाने की पुलिस ने बाइक चोरी के एक सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से चोरी की 8 मोटरसाइकिलें बरामद की है।
सिटी SP ऋतिक श्रीवास्तव ने प्रेसवार्ता कर जानकारी देते हुए बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि दो संदिग्ध युवक चोरी की मोटरसाइकिल के साथ किसान चौक की ओर जा रहे हैं। पुलिस ने वाहन जांच अभियान चलाया। इसी दौरान किसान चौक के पास दो लोगों को रोककर तलाशी ली गई, जहां वे चोरी की बाइक के साथ पकड़े गए।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपने अपराध को स्वीकार करते हुए गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी दी। इसके आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर कुल चार अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में सुजीत कुमार महतो, मुकेश कुम्हार, श्यामलाल महतो और विजय महतो उर्फ हरिलाल महतो शामिल हैं।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि पकड़े गए अपराधियों का पुराना आपराधिक इतिहास भी रहा है और ये पहले भी चोरी, ट्रक चोरी तथा डकैती जैसी घटनाओं में जेल जा चुके हैं।
बरामद मोटरसाइकिलों में हीरो स्प्लेंडर प्लस और होंडा शाइन जैसी कई गाड़ियां शामिल हैं, जिनमें कुछ बिना नंबर प्लेट की भी हैं।

Leave a comment