धनबाद। सदर थाना क्षेत्र के तेलीपाड़ा में सोमवार सुबह एक व्यक्ति का शव दुकान के बाहर मिलने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए।
स्थानीय निवासी निरंजन कुमार ने बताया कि सुबह जब उन्होंने दुकान खोली तो बाहर एक लावारिस शव पड़ा मिला। आसपास के लोगों से पूछताछ करने पर भी मृतक के बारे में कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी। बाद में मिली जानकारी के अनुसार मृतक आदिवासी समुदाय से जुड़ा बताया जा रहा है और पूर्वी टुंडी का रहने वाला था, जो रिक्शा चलाकर अपना जीवनयापन करता था।
घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंचे एएसआई राजीव कुमार चौबे ने बताया कि शव की पहचान अब तक स्पष्ट नहीं हो सकी है और मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी है।