स्टील गेट के पास सड़क हादसा, 27 वर्षीय युवक की मौत।

Share This News

धनबाद के स्टील गेट के समीप बीती देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 27 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान गोवर्धन हेंब्रम के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह देर रात अपनी ड्यूटी समाप्त कर बाइक से घर लौट रहे थे, तभी स्टील गेट के पास उनकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई।

घटना के बाद आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल युवक को उठाकर इलाज के लिए शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसएनएमएमसीएच) पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना को लेकर अभी तक स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस यह जांच कर रही है कि यह हादसा किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से हुआ है या फिर युवक खुद ही असंतुलित होकर बाइक से गिर पड़े। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है, ताकि दुर्घटना के सही कारणों का पता चल सके।

मृतक गोवर्धन हेंब्रम बिग बाजार के पास एक निजी कंपनी में काम करते थे। वह गोविंदपुर थाना क्षेत्र के महोबनी पंचायत अंतर्गत चकचूरू बाद गांव के निवासी थे। बताया जा रहा है कि वह अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे, जिससे परिवार की आर्थिक स्थिति पर संकट गहरा गया है।

घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक की लहर है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Leave a comment