धनबाद में फूड सेफ्टी विभाग की बड़ी कार्रवाई

Share This News

धनबाद शहर में मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ फूड सेफ्टी विभाग ने गुरुवार तड़के बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 1400 किलो मिलावटी पनीर और घी के 6 टीना जब्त किया गया है जिसकी कीमत 2 से 3 लाख रुपये है यह कार्रवाई पूजा टॉकीज इलाके में गोपनीय सूचना के आधार पर की गई।
जानकारी के अनुसार बिहार से आने वाली बुंदेला एसी बस (BR 21P 3632) से यह संदिग्ध पनीर धनबाद लाया जा रहा था, जिसे शहर के बाजारों में खपाने की तैयारी थी। छापेमारी के दौरान पूरी खेप को जब्त कर लिया गया।
छापेमारी का नेतृत्व फूड सेफ्टी ऑफिसर डॉ. राजा कुमार ने किया। मौके पर ही पनीर का स्टार्च टेस्ट किया गया, जिसमें सभी नमूने फेल पाए गए। प्रारंभिक जांच में पनीर के मिलावटी और निम्न गुणवत्ता का होने की पुष्टि हुई।
जब्त खाद्य सामग्री के नमूनों को आगे की जांच के लिए स्टेट फूड टेस्टिंग लैबोरेटरी, रांची भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद संबंधित आपूर्तिकर्ताओं के खिलाफ फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स एक्ट के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई के दौरान डीएसपी-2 धीरेंद्र बांका, मनोज पांडे और धनबाद थाना प्रभारी एसआई देव आनंद यादव समेत कई अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।
कार्रवाई के बाद बरटांड़ बस स्टैंड और आसपास के क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है। प्रशासन ने लोगों से संदिग्ध खाद्य पदार्थों की सूचना देने की अपील की है।

Leave a comment