धनबाद के सरायढेला थाना क्षेत्र के उड़िया पट्टी में गुरुवार को आपसी विवाद के दौरान बियर की बोतल से हमला करने की घटना सामने आई है। इस हमले में दो युवक और एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए Shaheed Nirmal Mahto Medical College and Hospital में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार विक्की हाड़ी अपनी बहन रानी देवी के घर उड़िया पट्टी आया हुआ था। इसी दौरान कुछ युवक नशे की हालत में वहां पहुंचे और पहले एक व्यक्ति के साथ मारपीट करने लगे, जिसमें उसका सिर फूट गया।
जब विक्की हाड़ी और उसके भाई बीच-बचाव करने पहुंचे, तो आरोपियों ने बियर की बोतल तोड़कर हमला कर दिया। इस दौरान एक युवक के सीने पर बोतल से वार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
परिजनों का आरोप है कि जब वे लोग घायलों को बचाने पहुंचे तो आरोपियों ने चाकू से भी हमला करने की कोशिश की, जिसमें विक्की की बहन रानी देवी भी घायल हो गईं।
घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। वहीं पुलिस का कहना है कि आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
कुसुम न्यूज़ से कुमार की रिपोर्ट