धनबाद रेल मंडल संसदीय समिति की बैठक सम्पन्न, क्षेत्रीय विकास के लिए सांसदों ने रखी अहम मांगें

Share This News

धनबाद। डीआरएम कार्यालय में धनबाद रेल मंडल संसदीय समिति की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता पलामू सांसद एवं समिति के अध्यक्ष बीडी राम ने की। इसमें चतरा सांसद काली चरण सिंह, गिरिडीह सांसद सीपी चौधरी समेत 11 सांसद प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक में पांच राज्यसभा और छह लोकसभा प्रतिनिधि भी शामिल हुए।

बैठक के बाद सांसद बीडी राम ने बताया कि सांसदों और उनके प्रतिनिधियों ने क्षेत्र की रेल संबंधी मांगें रखीं, जिन्हें रेल प्रशासन ने गंभीरता से लिया। उन्होंने कहा कि त्रिवेणी लिंक एक्सप्रेस को फिर से चालू करने या इसे लखनऊ तक विस्तार देने की मांग की गई है। लखनऊ जाने वाले कैंसर मरीजों के लिए ट्रेन सुविधा की जरूरत पर भी जोर दिया गया।

धनबाद से मुंबई ट्रेन विस्तार पर चर्चा करते हुए डीआरएम ने मुंबई छत्रपति शिवाजी टर्मिनस तक ट्रेन चलाने पर विचार करने का आश्वासन दिया। स्पेशल ट्रेनों को नियमित चलाने की मांग भी की गई।चतरा सांसद काली चरण सिंह ने कहा कि कोरोना काल में बंद हुई ट्रेनों को फिर से शुरू किया जाए।

उन्होंने छह अंडरपास निर्माण और चंदवा हाईवे पर फ्लाईओवर बनाने की मांग उठाई। रांची-टोरी ईएमओयू ट्रेन को चतरा तक विस्तार देने की अपील की।गिरिडीह सांसद सीपी चौधरी ने कहा कि धनबाद रेल मंडल ने अब तक 20 हजार करोड़ का राजस्व लाभ दिया है। उन्होंने ट्रेनों की संख्या बढ़ाने और रेलवे के अमृत भारत स्टेशन योजना को एयरपोर्ट जैसी सुविधाओं के साथ लागू करने पर जोर दिया।

रेल प्रशासन ने सभी मांगों पर विचार कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।

Leave a comment