धनबाद। नगर निगम चुनाव के तहत मेयर प्रत्याशी रवि बुंदेला ने सोमवार को एक प्रेस वार्ता कर अपने चुनाव चिन्ह ‘डायमंड’ का प्रचार किया और धनबाद के लिए पहले 100 दिनों का विस्तृत एक्शन प्लान जनता के सामने रखा। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता वादों से ज्यादा ज़मीन पर काम दिखाना है।
रवि बुंदेला ने बताया कि 100 दिनों में शहर की बुनियादी समस्याओं पर ठोस शुरुआत की जाएगी। स्वच्छ धनबाद मिशन के तहत घर-घर कचरा संग्रह, गीला-सूखा कचरा पृथक्करण और कम्पोस्टिंग यूनिट की स्थापना शुरू की जाएगी। जल संकट को दूर करने के लिए लीकेज की मरम्मत, जल आपूर्ति ऑडिट और पारदर्शी बिलिंग सिस्टम लागू करने की योजना है।
उन्होंने जलभराव, ड्रेनेज और सड़क सुरक्षा पर भी फोकस की बात कही। प्रमुख सड़कों पर एलईडी लाइट, सीसीटीवी कैमरे और ट्रैफिक मैनेजमेंट पायलट शुरू करने का प्रस्ताव रखा गया है। युवाओं के लिए स्किल्स हब, महिलाओं के लिए डे-केयर और सुरक्षित परिवहन, स्लम सुधार, स्ट्रीट वेंडर्स का संरक्षण और ई-नगरपालिका प्रणाली भी उनके एजेंडे में शामिल है।
प्रेस वार्ता में रवि बुंदेला ने कहा कि पहले 100 दिन उनकी कार्यशैली की पहचान होंगे। पारदर्शिता, तेज़ काम और जनसरोकार के साथ धनबाद को एक स्वच्छ, सुरक्षित और भविष्य के लिए तैयार शहर बनाने का उनका लक्ष्य है।