झारखंड राज्य ऊर्जा मित्र संघ का द्वितीय वार्षिक सम्मेलन संपन्न

Share This News

धनबाद:झारखंड राज्य ऊर्जा मित्र संघ का द्वितीय वार्षिक सम्मेलन धैया स्थित आमंत्रण ग्रीन्स में संघ के संस्थापक संतोष कुशवाहा एवं संघ के संरक्षक बैभव सिन्हा की मौजूदगी में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
सम्मेलन के मुख्य अतिथि झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री सह वर्तमान सरकार के सचेतक एवं टुंडी के विधायक मथुरा प्रसाद महतो तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में डुमरी के विधायक जयराम कुमार महतो उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में संघ के संस्थापक संतोष कुशवाहा ने स्व. विनोद धाम (बलियापुर) से लाई गई पावन मिट्टी माननीय विधायक जयराम कुमार महतो को सौंपते हुए कहा कि पढ़ो और लड़ो का नारा आज ऊर्जा मित्रों के संघर्ष का मार्गदर्शन कर रहा है। स्मार्ट मीटर व्यवस्था के कारण हजारों ऊर्जा मित्रों की नौकरी पर संकट उत्पन्न हो गया है।

डुमरी विधायक जयराम कुमार महतो ने भरोसा दिलाया कि वे ऊर्जा मित्रों के अधिकारों के लिए सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन करेंगे और इस मुद्दे को विधानसभा में पूरी मजबूती से उठाएंगे। वहीं टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में है और वे इसे मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से चर्चा कर विधानसभा सत्र में उठाएंगे।

इस अवसर पर संघ के संरक्षक बैभव सिन्हा ने कहा कि अगर ऊर्जा मित्रों के साथ अन्याय बंद नहीं हुआ, तो यह लड़ाई सिर्फ सम्मेलन तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि सड़क से लेकर न्यायालय और सदन तक जाएगी।

सम्मेलन में धनबाद बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता राधेश्याम गोस्वामी ने बताया कि ऊर्जा मित्रों का 14 माह का लगभग 4.50 करोड़ रुपये बकाया वेतन भुगतान न किए जाने के विरुद्ध माननीय उच्च न्यायालय, रांची में वाद दायर किया गया है और न्यायिक लड़ाई जारी रहेगी।

कार्यक्रम में झारखंड के सभी 23 जिलों से आए प्रतिनिधियों सहित हजारों की संख्या में ऊर्जा मित्र उपस्थित रहे। संघ के महासचिव मनोवर खान, प्रदेश प्रवक्ता रोनित सिंह, कोषाध्यक्ष अरुण रवानी, धनबाद डिवीजन अध्यक्ष बिस्मिल्लाह महबूब सहित कई पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।

Leave a comment