विकास के लिए आंदोलन का ऐलान, निगम चुनाव में नेताओं के प्रलोभन से बचें: पुष्पा
झरिया । धनबाद नगर निगम के वार्ड संख्या 41 में स्थानीय युवा समाजसेविका पुष्पा देवी ने पार्षद पद के लिए चुनाव लड़ने की औपचारिक घोषणा कर दी है। उन्होंने क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं जैसे पानी की कमी, सड़कों की बदहाली, नालियों का निर्माण न होना और सफाई की व्यवस्था ठप होने को दूर करने के लिए मजबूत इच्छाशक्ति दिखाई है। जामाडोबा आजाद नगर में शनिवार को ग्रामीणों द्वारा आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में पुष्पा देवी ने कहा, वर्तमान पार्षद और प्रतिनिधि क्षेत्र की समस्याओं को हल करने में पूरी तरह विफल रहे हैं। अब समय आ गया है कि लोगों को सबक सिखाने का। चुनाव के दौरान तरह-तरह के लुभावने वादे और प्रलोभन आएंगे, लेकिन मतदाताओं को ऐसे प्रत्याशी को चुनना चाहिए जो वास्तव में विकास को प्राथमिकता दे। बैठक में मौजूद ग्रामीणों ने पुष्पा देवी से पानी, सड़क निर्माण और नाली जैसी प्रमुख समस्याओं के समाधान की मांग की। इस पर पुष्पा देवी ने पत्रकारों से बातचीत में वार्ड के विकास के लिए आंदोलन चलाने और जरूरी कदम उठाने की प्रतिबद्धता जताई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए अनिल कुमार ने वर्तमान पार्षद पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी लापरवाही और अभिमान के कारण मुहल्ले में चारों ओर गंदगी के ढेर लगे हैं, सड़कें टूटी-फूटी हैं और पीने के पानी की कोई ठोस व्यवस्था नहीं है। लोगों को रात-रात भर पानी के लिए परेशान होना पड़ता है। उन्होंने सभी से विकास के लिए बदलाव लाने का आह्वान किया। बैठक में सिकंदर मंडल, जीत मेहरा, मंझिया हाड़ी, मधु सेन, बाबू लाल यादव, सरजू प्रसाद, राजकुमारी देवी, उषा देवी, रीता देवी, ममोनी देवी, सीता रानी गोराई, आशा देवी और उर्मिला देवी शामिल थे।
