धनबाद। लाइफ इंश्योरेंस एजेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (लियाफी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष देवी शंकर शुक्ला के धनबाद आगमन पर संगठन की ओर से भव्य एवं आत्मीय स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान लिहाफी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत में जोनल अध्यक्ष प्रशांत कुमार दुबे, डिवीजन अध्यक्ष सूर्यकांत सिंह एवं डिवीजन सचिव संजय निकुंभ ने पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर उनका अभिनंदन किया। स्वागत कार्यक्रम के माध्यम से संगठन की एकजुटता और अभिकर्ता हितों के प्रति प्रतिबद्धता का स्पष्ट संदेश दिया गया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष देवी शंकर शुक्ला ने उपस्थित अभिकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि अभिकर्ता व्यवसाय आज गंभीर चुनौतियों के दौर से गुजर रहा है, लेकिन लियाफी देशभर में अभिकर्ताओं के अधिकार, सम्मान और सुरक्षा के लिए मजबूती से संघर्ष कर रही है। उन्होंने संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के लिए सभी अभिकर्ताओं से एकजुट होकर आंदोलन को तेज करने का आह्वान किया।
धनबाद लियाफी के सक्रिय कार्यकर्ताओं की भी इस मौके पर उल्लेखनीय भागीदारी रही। दिनेश उपाध्याय, महिप सिंह, विनोद कुमार दुबे, विशाल जैन, धीरज शर्मा, भास्कर शर्मा, संजय सिंह एवं पिंटू सिंह सहित कई कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत कर संगठन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।
कार्यक्रम के दौरान अभिकर्ता व्यवसाय संरक्षण, कमीशन संरचना, नीतिगत सुधार एवं 30 सितंबर 2024 की स्थिति बहाल करने जैसी प्रमुख मांगों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि अभिकर्ताओं की जायज मांगों को लेकर लियाफी हर स्तर पर संघर्ष जारी रखेगी।
समापन पर सभी ने एक स्वर में यह संकल्प लिया कि अभिकर्ता व्यवसाय की रक्षा, अधिकार और सम्मान के लिए यह लड़ाई निरंतर जारी रहेगी और संगठन का हर कार्यकर्ता इस संघर्ष में पूरी मजबूती से खड़ा रहेगा।