धनबाद सदर अस्पताल में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर करने की दिशा में एक अहम पहल शुरू की गई है। सदर अस्पताल परिसर में वाहन शेड के निर्माण कार्य का 23 जनवरी शनिवार को विधिवत शिलान्यास किया गया। इस अवसर पर धनबाद विधायक राज सिन्हा और सांसद प्रतिनिधि सुनील चौधरी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
जानकारी के अनुसार, अस्पताल परिसर में कुल 1200 स्क्वायर फीट क्षेत्रफल में शेड का निर्माण किया जाएगा, जिसे छह महीने के भीतर पूरा किया जाना है। इस योजना के तहत दो अलग-अलग शेड बनाए जाएंगे।
एक शेड मरीजों और उनके परिजनों के बैठने और इंतजार करने के लिए होगा, जबकि दूसरा शेड अस्पताल आने वाले वाहनों के ठहराव के लिए तैयार किया जाएगा।
निर्माण कार्य भवन निर्माण विभाग के द्वारा कराया जा रहा है। इस पहल से सदर अस्पताल आने वाले मरीजों को बेहतर सुविधा मिलेगी और अस्पताल परिसर अधिक सुव्यवस्थित नजर आएगा। शिलान्यास कार्यक्रम में दीपू यादव समेत अन्य उपस्थित थे।
