परिवहन विभाग एवं ट्रैफिक पुलिस के संयुक्त प्रयास से अनाधिकृत नंबर प्लेट और शीशे पर ब्लैक फिल्म लगी एक महिन्द्रा स्कॉर्पियो को त्वरित और सख्त कार्रवाई करते हुए मात्र 24 घंटे के भीतर जब्त कर लिया। जब्त स्कॉर्पियो का वास्तविक रजिस्ट्रेशन नंबर जेएच 10 डीई 0215 है। लेकिन इसके ऑनर ने वाहन पर अनाधिकृत नंबर प्लेट लगाई थी। समाचार पत्रों और सोशल मीडिया के माध्यम से यह मामला उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री आदित्य रंजन के संज्ञान में आया।
मामला संज्ञान में आते ही उपायुक्त ने इसकी गहनता से पड़ताल कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। तत्पश्चात धनबाद ट्रैफिक पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की।
ट्रैफिक डीएसपी श्री अरविन्द सिंह ने जिला परिवहन पदाधिकारी से संपर्क कर संबंधित वाहन की पहचान कर कठोर कार्रवाई का निर्देश दिया। उनके निर्देश पर निरसा थाना प्रभारी श्री अनिल शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई, जिसने दबिश देकर स्कॉर्पियो को जब्त कर निरसा थाना लाया।
जांच में सामने आया कि जब्त स्कॉर्पियो मनोज सिंह के नाम से पंजीकृत है। वाहन को विधिवत जब्त कर मोटर व्हीकल अधिनियम के तहत दंडात्मक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
ट्रैफिक डीएसपी श्री अरविन्द सिंह ने स्पष्ट कहा कि काले शीशे, फैंसी नंबर प्लेट, प्रेशर होर्न और अवैध मॉडिफिकेशन करने वालों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों की अनदेखी करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
ट्रैफिक पुलिस ने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि वे वैध दस्तावेजों के साथ वाहन चलाएं और किसी भी प्रकार के अवैध बदलाव से बचें। नियमों के पालन से ही सड़क सुरक्षा और कानून व्यवस्था सुनिश्चित की जा सकती है।