Breaking News

उपायुक्त के निर्देश पर झरिया – सिंदरी मुख्य मार्ग से ब्रिटिश कालीन समय की अनुपयोगी रोपवे को हटाया गया

Share This News

सड़क पर चलने वालों के लिए कभी भी घातक साबित हो सकती थी यह संरचना

उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री आदित्य रंजन के निर्देश पर झरिया – सिंदरी मुख्य मार्ग पर स्थित ब्रिटिश कालीन समय की एक पुरानी और अनुपयोगी रोपवे के ढांचे को आज सुरक्षित तरीके से हटाया गया।

यह रोपवे विगत 30 से 40 वर्षों से बंद पड़ी थी। ब्रिटिश रोपवेज नामक कंपनी इसका संचालन करती थी। उसका उपयोग बालू खनन के स्थान पर सेंड फीलिंग के लिए किया जाता था। बीसीसीएल ने भी कुछ वर्षों तक इसका उपयोग किया था। लौह सामग्री से बना यह अनुपयोगी ढांचा सड़क पर चलने वाले लोगों के लिए कभी भी घातक साबित हो सकता था।

इसको संज्ञान में लेकर उपायुक्त ने विगत दिनों आयोजित जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में सड़क पर स्थित ऐसे अनुपयोगी संरचना, जो वाहन चालकों के लिए खतरा साबित हो सकते हैं, को हटाने का निर्देश दिया था। जबकि बैठक से पूर्व उपायुक्त ने विशेष टीम का गठन कर जिले के विभिन्न हिस्सों में ऐसी पुरानी और अनुपयोगी संरचनाओं के जीपीएस युक्त फोटो लेने का भी निर्देश दिया था।

इस क्रम में टीम ने झरिया सिंदरी रोड के पाथरडीह स्थित सीएफआरआई कॉलोनी के पास उपरोक्त पुराने एवं अनुपयोगी रोपवे की जानकारी उपायुक्त को दी थी। तत्पश्चात आयोजित जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में उपायुक्त ने इसे तत्काल सुरक्षित तरीके से हटाने का निर्देश दिया था। फलस्वरुप आज दो क्रेन तथा स्थानीय थाना की सहायता से उपरोक्त संरचना को हटाया गया। इसके हटने से अब उक्त सड़क पर वाहन चालक सुगम व सुरक्षित तरीके से आवागमन कर सकते हैं।

उपायुक्त ने कहा कि सड़कों पर ऐसी अनुपयोगी संरचनाओं को हटाने का अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a comment