धनबाद (NIRSA): चिरकुंडा थाना क्षेत्र में पुष्पा लॉज के पास स्थित एक गोदाम में चल रहे अवैध बालू भंडारण का खनन विभाग ने शनिवार देर शाम पर्दाफाश किया। गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई के दौरान विभागीय टीम ने मौके से बालू से भरे दो ट्रक और एक जेसीबी मशीन को अपने कब्जे में लिया।
जानकारी के अनुसार, दोनों ट्रकों में नियमों के विपरीत बालू लोड किया गया था, जिसे जेसीबी मशीन की सहायता से भरा जा रहा था। कार्रवाई के समय अवैध भंडारण और लोडिंग का काम जारी था।
खनन विभाग के इंस्पेक्टर श्यामनंदन सिंह ने बताया कि विभाग को पुष्पा लॉज के समीप एक गोदाम में गैरकानूनी रूप से बालू जमा किए जाने की सूचना मिली थी। इसी सूचना के सत्यापन के बाद टीम ने छापेमारी की और मौके से बालू लदे वाहन तथा लोडिंग में प्रयुक्त जेसीबी मशीन को जब्त किया गया।
इस अभियान में खनन विभाग के अधिकारी ब्रह्मदेव कुमार यादव, राजकुमार दास के साथ पुलिस बल के जवान भी शामिल थे। मामले को लेकर संबंधित धाराओं में आगे की विधिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।