बिहार (BIHAR): राज्य में विधानसभा चुनाव के पहले दौर की मतदान प्रक्रिया आज औपचारिक रूप से शुरू हो गई है। पूरे प्रदेश में लोकतांत्रिक भागीदारी का माहौल उत्साहपूर्ण है। सुरक्षा एजेंसियों की कड़ी निगरानी के बीच मतदान केंद्र सुबह 7 बजे से खुल चुके हैं और शाम 6 बजे तक मतदान होने की व्यवस्था की गई है। इस चरण में 18 जिलों की 121 विधानसभा सीटों पर मतदाता अपने जनप्रतिनिधि चुनने के लिए कतारों में दिखाई दे रहे हैं।
राज्य भर में लगभग 45 हजार से अधिक मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहाँ 3.75 करोड़ से अधिक नागरिक अपने मताधिकार का प्रयोग करने के पात्र हैं। इस चरण में कुल 1,314 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें 122 महिलाएँ भी अपनी किस्मत आजमा रही हैं। आज वोटिंग खत्म होते ही सभी प्रत्याशियों का भविष्य इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों में सील हो जाएगा।
चुनाव आयोग की ओर से किसी भी प्रकार की गड़बड़ी रोकने के लिए विशेष निगरानी व्यवस्था की गई है। संवेदनशील इलाकों और बूथों पर वेबकास्टिंग के माध्यम से रियल-टाइम मॉनिटरिंग की जा रही है। मुंगेर, सिमरी बख्तियारपुर, महिषी, तारापुर, जमालपुर जैसे कुछ क्षेत्रों में सुरक्षा कारणों से मतदान की समयसीमा शाम 5 बजे तक रखी गई है।
मतदाताओं के लिए पहचान सत्यापन में सिर्फ ईपिक (मतदाता पहचान पत्र) ही नहीं, बल्कि अन्य 12 प्रकार के वैध पहचान पत्रों को भी स्वीकार किया गया है, ताकि किसी eligible मतदाता को मतदान से वंचित न होना पड़े।