धनबाद (DHANBAD): झारखंड विधानसभा के सचेतक और धनबाद के विधायक राज सिन्हा ने वनडे फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को हराने वाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम की उपलब्धि पर खुशी प्रकट करते हुए टीम का मनोबल बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि इस प्रदर्शन ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि भारतीय महिला क्रिकेट अब वैश्विक मंच पर मजबूत पहचान बना चुका है।
राज सिन्हा ने अपने संदेश में कहा कि टीम की यह जीत केवल खेल की उपलब्धि नहीं, बल्कि भारतीय युवतियों के समर्पण और मेहनत की शक्ति का प्रमाण है। उनके अनुसार, मैदान पर दिखा धैर्य, रणनीति और टीम वर्क यह बताता है कि देश की महिलाएँ अब हर क्षेत्र में अपनी क्षमता से नए कीर्तिमान बना रही हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि महिला खिलाड़ियों का यह प्रदर्शन देशभर की युवतियों में आत्मविश्वास जगाने वाला है, जिससे आने वाली पीढ़ियाँ खेल के क्षेत्र में बड़ा मुकाम हासिल करने का संकल्प लेंगी।
सिन्हा ने भारतीय टीम के सभी खिलाड़ियों, सहयोगी कोचों और सपोर्ट स्टाफ को शुभकामनाएँ देते हुए उम्मीद जताई कि आने वाले समय में भी महिला टीम इसी तरह भारत का परचम बुलंद करती रहेगी।