रांची (RANCHI): भाजपा नेता, सांसद प्रतिनिधि और समाजसेवा से जुड़े मनोज कुमार सिंह ने दीपावली से पहले नायक टोली स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में छोटे-छोटे बच्चों के बीच अपना जन्मदिन मनाया। इस अवसर पर उन्होंने बच्चों को पटाखे, मिठाई और खिलौने बांटे, जिससे बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। कुछ बच्चों को नए वस्त्र भी उपहार में दिए गए।
बच्चों ने सामूहिक रूप से “हैप्पी बर्थडे” कहकर मनोज कुमार सिंह को शुभकामनाएं दीं और उनके साथ आनंद के पल साझा किए। मौके पर उन्होंने बच्चों से कहा कि उनकी किसी भी जरूरत में वे हमेशा साथ खड़े रहेंगे।
यह भी उल्लेखनीय है कि मनोज कुमार सिंह पिछले कई वर्षों से इस क्षेत्र के आंगनबाड़ी बच्चों और स्थानीय लोगों के लिए लगातार सहयोग करते आ रहे हैं। वे समय-समय पर स्टेशनरी सामग्री, कपड़े, कंबल और अन्य जरूरी चीजें बांटते रहे हैं।
बच्चों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि माता-पिता और गुरुओं का आदर करना सबसे बड़ा संस्कार है। साथ ही उन्होंने बच्चों को अभिवादन की संस्कृति अपनाने और हर सुबह आदरपूर्वक प्रणाम करने की आदत डालने की सलाह दी।
इस मौके पर समाजसेवी विजय बहादुर सिंह, देवेंद्र भारती, ललन सिंह, अशोक नायक, अनिल सिंह, पृथ्वीराज सिंह, देवराज सिंह समेत केंद्र की सेविका और सहायिका भी मौजूद रहीं।