
धनबाद (DHANBAD): बिहार विधानसभा चुनाव में इस बार झारखंड की भूमिका भी उल्लेखनीय हो गई है। धनबाद के विधायक और झारखंड विधानसभा के सचेतक राज सिन्हा को एनडीए ने दो विधानसभा क्षेत्रों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। शुक्रवार को वे वारसलीगंज विधानसभा क्षेत्र में भाजपा की एनडीए समर्थित प्रत्याशी अरुणा देवी के नामांकन और आशीर्वाद सभा में शामिल हुए।
इस मौके पर आयोजित जनसभा में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भी मौजूद रहे। मंच से बोलते हुए विधायक राज सिन्हा ने जनता से एनडीए के विकासवादी दृष्टिकोण और बिहार के प्रगतिशील भविष्य के विज़न को अपनाने की अपील की।

उन्होंने कहा कि “बिहार नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ने को तैयार है। एनडीए के नेतृत्व में प्रदेश को विकास और स्थिरता की नई दिशा मिलेगी। अब समय है एकजुट होकर विकसित बिहार के सपने को साकार करने का।”
सभा में उपस्थित भीड़ ने जयघोष करते हुए अरुणा देवी और एनडीए प्रत्याशियों के प्रति समर्थन व्यक्त किया। राज सिन्हा ने कहा कि एनडीए की सरकार ने जिस विकास, सुशासन और स्थिरता के मॉडल को धरातल पर उतारा है, वही आने वाले बिहार के उज्जवल भविष्य की नींव बनेगा।