धनतेरस पर चमका ऑटोमोबाइल बाजार…

Share This News

रांची (RANCHI): राजधानी की सड़कों पर इस बार दीपावली से पहले ही गाड़ियों की चमक दिखाई दे रही है। धनतेरस के अवसर पर झारखंड का ऑटोमोबाइल बाज़ार इस बार जबरदस्त रौनक से भरा हुआ है। हाल ही में जीएसटी दरों में कमी की घोषणा के बाद खरीदारों का उत्साह कई गुना बढ़ गया है और शोरूम में ग्राहकों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है।

इस त्योहारी सीजन में राज्य के ऑटोमोबाइल कारोबार के लगभग ₹3,000 करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान है। रांची के प्रमुख डीलरों के अनुसार, पिछले वर्ष जहां करीब 1100 गाड़ियों की बुकिंग हुई थी, वहीं इस बार यह संख्या 2400 से भी अधिक हो चुकी है। इनमें से लगभग 900 वाहनों की डिलीवरी पहले ही दी जा चुकी है, जबकि शेष वाहनों की डिलीवरी धनतेरस तक पूरी होने की उम्मीद है।

एक स्थानीय शो-रूम संचालक अमित अग्रवाल ने बताया कि दोपहिया वाहनों में स्कूटी की मांग सबसे अधिक है। कई ग्राहकों ने पहले ही एडवांस बुकिंग करा ली थी। इस बार खरीदारी करने वालों के लिए कंपनियां सरप्राइज गिफ्ट और ऑफ़र भी दे रही हैं। वहीं, त्योहार के दिन गाड़ियों की डिलीवरी के सभी स्लॉट पहले ही भर चुके हैं।

ग्राहकों में अपनी “ड्रीम कार” को घर लाने का उत्साह साफ झलक रहा है। ₹7 से ₹10 लाख की श्रेणी वाली कारें इस समय सबसे अधिक पसंद की जा रही हैं, जो यह संकेत देती हैं कि रांची का मध्यमवर्ग अब पहले से कहीं अधिक आर्थिक रूप से सशक्त हो चुका है।

Leave a comment