गोरखपुर 19 अगस्त,2025: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जल्द ही कोलकाता में मेट्रो कनेक्टिविटी को नई रफ्तार देने वाले हैं, जहाँ सफर में कभी घंटों लग जाते थे, वहीं अब मेट्रो की नई लाइनों के साथ दूरी मिनटों में सिमट जाएगी। शहर और आसपास के इलाकों को जोड़ने वाली ये नई सेवाएँ कोलकाता के जीवन में एक नई ऊर्जा भर देंगी।
सबसे पहले ग्रीन लाइन – एस्प्लानेड से सियालदह (2.45 किमी)। यह छोटा सा खंड शहर की सबसे बड़ी राहत साबित होगा। अभी हावड़ा और सियालदह जैसे दो बड़े रेलवे टर्मिनलों के बीच पहुँचने में सड़क से 40–45 मिनट तक लगते हैं। अब मेट्रो से यह सफर सिर्फ़ 11 मिनट में पूरा होगा। रोज़ाना लाखों यात्रियों के लिए यह समय बचत किसी वरदान से कम नहीं होगी।
दूसरी बड़ी उपलब्धि है येलो लाइन – नोआपाड़ा से जय हिंद विमानबंदर (6.77 किमी)। अब एयरपोर्ट तक पहुँचने के लिए लंबी सड़क यात्रा की ज़रूरत नहीं रहेगी। घरेलू और अंतरराष्ट्रीय यात्री, एयरलाइन स्टाफ और एयरपोर्ट कर्मचारी सब तेज़, सुरक्षित और आरामदायक सफर का अनुभव करेंगे। दमदम कैंटोनमेंट से इंटरचेंज सुविधा मिलने से पूरे शहर और प्रमुख रेलवे स्टेशनों तक सीधा कनेक्शन भी आसान हो जाएगा। एस्प्लानेड से एयरपोर्ट तक अब यह दूरी सिर्फ़ 30 मिनट में पूरी होगी।
तीसरी कड़ी है ऑरेंज लाइन – हेमंत मुखोपाध्याय से बेलेघाटा (4.4 किमी)। यह विस्तार साइंस सिटी, बड़े अस्पतालों, स्कूलों और व्यावसायिक केंद्रों को जोड़ेगा। यात्रियों की संख्या यहाँ दोगुनी होने की उम्मीद है। खास बात यह है कि बेलेघाटा से कवि सुभाष तक की यात्रा भी अब सिर्फ़ 32 मिनट में पूरी की जा सकेगी। इससे दक्षिणी कोलकाता और पूर्वी कोलकाता के बीच सफर बेहद आसान हो जाएगा।
इन नई लाइनों के जुड़ने से न सिर्फ़ कोलकाता बल्कि उत्तर 24 परगना और दक्षिण 24 परगना के यात्रियों को भी बड़ा लाभ मिलेगा। शहर के विभिन्न हिस्सों तक पहुँचने में जो समय पहले घंटों लेता था, अब वही सफर कुछ ही मिनटों में संभव होगा।
कोलकाता मेट्रो का यह नया अध्याय केवल पटरियों पर चलती मेट्रो नहीं, बल्कि शहर की रफ्तार और कोलकाता के निवासियों का जीवन आसान बनाने वाला कदम है।
सवांददाता -गौरव
कुसुम न्यूज़ रिपोर्ट