Breaking News

धनबाद में वर्ल्ड डाउन सिंड्रोम डे पर विशेष बच्चों के लिए जागरूकता कार्यक्रम, उपायुक्त ने की स्वावलंबन की अपील

Share This News

धनबाद, 21 मार्च 2025: वर्ल्ड डाउन सिंड्रोम डे के अवसर पर रोटरी क्लब ऑफ धनबाद द्वारा बेकारबांध स्थित जीवन ज्योति विशेष विद्यालय में अभिभावक प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में धनबाद की उपायुक्त सुश्री माधवी मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त माधवी मिश्रा ने कहा कि विशेष बच्चों को व्यावसायिक प्रशिक्षण देकर स्वावलंबी बनाना जरूरी है, ताकि वे जीवन में आने वाली किसी भी चुनौती का सामना कर सकें। उन्होंने कहा, “ये बच्चे हमारी सामूहिक जिम्मेदारी हैं। इन्हें सहानुभूति नहीं, बल्कि अवसर देने की जरूरत है, जिसे जीवन ज्योति विद्यालय बखूबी निभा रहा है।”उन्होंने विद्यालय के प्रयासों की सराहना की और प्रशासन की ओर से हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। इसके बाद उन्होंने डाउन सिंड्रोम से पीड़ित बच्चों के साथ केक काटकर उनका उत्साहवर्धन किया और विद्यालय भ्रमण कर बच्चों के शिक्षण-प्रशिक्षण से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की।

कार्यक्रम की शुरुआत में जीवन ज्योति के विशेष बच्चों ने सांकेतिक भाषा में राष्ट्रगान प्रस्तुत किया, जिसे सभी ने सराहा। इसके बाद श्रीमती अनु नारंग ने विद्यालय के 35 वर्षों के योगदान पर प्रकाश डालते हुए बताया कि जीवन ज्योति विशेष विद्यालय दिव्यांग बच्चों को शिक्षित-प्रशिक्षित कर समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य कर रहा है।उन्होंने बताया कि रोटरी क्लब ऑफ धनबाद कई सामाजिक पहलुओं पर कार्य कर रहा है, जिसमें रोटरी वर्चुअल ब्लड बैंक, आर्टिफिशियल लिम्ब सेंटर, डायलिसिस सेंटर, आई सेंटर, एंबुलेंस सेवा जैसी सुविधाएं शामिल हैं।

रोटरी क्लब के श्री संजीव ब्योत्रा ने जानकारी दी कि गिफ्ट ऑफ लाइफ प्रोजेक्ट के तहत धनबाद की दो बच्चियों – ऋषिका दत्ता और कृति का अगले महीने कोच्चि स्थित अमृता अस्पताल में नि:शुल्क हार्ट ऑपरेशन कराया जाएगा। इस मौके पर उपायुक्त माधवी मिश्रा ने बच्चियों के अभिभावकों को संबंधित चिकित्सा किट सौंपी। कार्यक्रम के दौरान सेल (SAIL) की सीएसआर योजना के तहत 55 वर्षीय अमित अभिरंजन और 32 वर्षीय मो. सादिक अजहर को उपायुक्त द्वारा मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल प्रदान की गई।

कार्यक्रम में डॉ. मृणाल झा ने डाउन सिंड्रोम को एक क्रोमोज़ोमल डिसऑर्डर बताते हुए कहा कि समुचित प्रशिक्षण और देखभाल से इन बच्चों का संपूर्ण विकास किया जा सकता है। उन्होंने डाउन सिंड्रोम की रोकथाम के लिए चिकित्सकीय सलाह और नियमित परीक्षण की आवश्यकता पर भी जोर दिया।अभिभावकों ने अपने बच्चों से जुड़े सवाल पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने समाधान दिया।

जीवन ज्योति के सचिव श्री राजेश पारकरिया ने उपायुक्त को विशेष बच्चों द्वारा बनाई गई पेंटिंग्स, बुके और पौधा भेंट कर सम्मानित किया।

इस अवसर पर कमल संघवी, अनु नारंग, संजीव ब्योत्रा, राहुल व्यास, राजीव गोयल, रोहित पोद्दार, पार्थ सिन्हा, पोलोमी सिन्हा, दीपा गोयल, अपर्णा दास, रोटरी क्लब ऑफ धनबाद एवं जीवन ज्योति विद्यालय के सभी सदस्य और अभिभावक मौजूद थे।इस आयोजन ने विशेष बच्चों के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाने और उनके स्वावलंबन के लिए किए जा रहे प्रयासों को नई दिशा दी।

Leave a comment