धनबाद:धनबाद इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर भव्य समारोह का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि पूर्व डीआईजी संजय रंजन, विजय सिंह, प्रेम प्रकाश, रुबी सांकृत्यायन एवं पिंकी गुप्ता सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि पूर्व डीआईजी संजय रंजन ने विद्यार्थियों को कलम की ताकत और शिक्षा के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि कलम में समाज और देश की दिशा बदलने की शक्ति होती है। विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ कला, रचनात्मकता और अपने व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास पर भी विशेष ध्यान देना चाहिए।
संस्थान के प्राचार्य डॉ. राजेंद्र राज ने अपने संबोधन में कहा कि झारखंड प्राकृतिक एवं खनिज संपदा सहित असीमित संसाधनों से परिपूर्ण राज्य है। यहां संभावनाओं की कोई कमी नहीं है। उन्होंने विद्यार्थियों से किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक कौशल और हुनर सीखने पर बल दिया तथा कहा कि तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास के माध्यम से युवा राज्य के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।
इस अवसर डॉ सलउद्दीन और धनबाद कॉलेज ऑफ फार्मसी के सोजन्य से हेल्थ चेकअप और ब्लड डोनैशन कैम्प लगाया गया जिसमे पूर्व डीआईजी समेत की लोगों ने रक्त दान किए।
कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूकता का संदेश भी दिया गया। इस पुनीत कार्य में मनोज कुमार, सुदिष्ट कुमार, डॉ नीरज कुशवाहा, सुनील कुमार, श चंदन सिंह, धीरेंद्र कुमार एवं रवि निषाद का विशेष सहयोग रहा। इस अवसर पर धरती माता फाउंडेशन के सहयोग से पौधों का वितरण किया गया। पौधों के वितरण के माध्यम से लोगों को पर्यावरण संरक्षण और हरित झारखंड के निर्माण का संदेश दिया गया। बी आई टी, बोकारो के प्राचार्य, डॉ। अयोध्या कुमार ने शिक्षा पढ़ने से ज्यादा सीखने के लिए प्रेरित किया।
समारोह में उपस्थित अतिथियों ने झारखंड की समृद्ध संस्कृति, प्राकृतिक संपदा और विकास की संभावनाओं पर अपने विचार साझा किए। सभी ने विद्यार्थियों से राज्य के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में अपनी प्रतिभा, शिक्षा और हुनर का उपयोग करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में प्रेम प्रकाश ने धन्यवाद ज्ञापन किया। उन्होंने सभी अतिथियों, संस्थान के प्राचार्य, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं आयोजन में सहयोग देने वाले सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।