धनबाद:सलीम जे फाउंडेशन के तत्वावधान में रविवार को थैलेसीमिया से पीड़ित मरीजों की सहायता के उद्देश्य से रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर एस एम एम सी एच एन ब्लड डोनेशन टीम के सहयोग से संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से युवा संघर्ष मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष सह राजपूत विचार मंच, धनबाद के जिलाध्यक्ष दिलीप सिंह शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया और आयोजकों की इस पहल की सराहना की।
दिलीप सिंह ने कहा कि रक्तदान महादान है। एक व्यक्ति का रक्तदान किसी जरूरतमंद को नया जीवन दे सकता है। विशेषकर थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों को नियमित रूप से रक्त की आवश्यकता होती है। इसलिए समाज के प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि मानव सेवा से बड़ा कोई धर्म नहीं है और युवा संघर्ष मोर्चा हमेशा जरूरतमंदों की सेवा के लिए तत्पर रहेगा।
मौके पर रेड क्रॉस सोसाइटी धनबाद की ब्लड डोनेशन नोडल पदाधिकारी बेनजीर परवीन, समाजसेवी उमेश सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।
शिविर का आयोजन सलीम जे फाउंडेशन की संस्थापक एवं अध्यक्ष फिरदौस अफशान खान, उपाध्यक्ष शगुफ्ता खान, सचिव शहाना खान तथा शहबाज सिद्दीकी मेमोरियल के संस्थापक एवं अध्यक्ष सैयद इरशाद आलम के नेतृत्व में किया गया। दिलीप सिंह ने सभी आयोजकों एवं रक्तदाताओं को इस सराहनीय सामाजिक पहल के लिए बधाई दी।