भूखे को भोजन कराना ही सच्ची मानव सेवा और ईश्वर की आराधना : मनीष गुप्ता
धनबाद: मानव सेवा ट्रस्ट की ओर से जरूरतमंदों और असहाय लोगों के बीच भोजन वितरण का नियमित साप्ताहिक सेवा अभियान रविवार की संध्या रणधीर वर्मा चौक स्थित बड़ा हनुमान मंदिर परिसर में आयोजित किया गया। इस दौरान जरूरतमंदों के बीच पूरी-सब्जी और बूंदी का वितरण किया गया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि रंजीत जायसवाल ने स्वयं अपने हाथों से जरूरतमंदों को भोजन परोसकर सेवा कार्य में भागीदारी निभाई। इस अवसर पर ट्रस्ट की ओर से उन्हें अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया गया। हनुमान जी की पूजा-अर्चना के बाद भोजन वितरण शुरू हुआ। जरूरतमंदों के साथ श्रद्धालुओं ने भी प्रसाद के रूप में भोजन ग्रहण किया।
मौके पर ट्रस्ट के अध्यक्ष मनीष गुप्ता ने कहा कि सच्ची मानवता वही है, जो भूखे को भोजन और निराश व्यक्ति को संबल प्रदान करे। गरीबों और असहायों की सेवा करना ही ईश्वर की सबसे बड़ी आराधना है। ट्रस्ट का उद्देश्य नियमित रूप से सेवा कार्यों के माध्यम से समाज के जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाना है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में मनीष गुप्ता, रंजीत जायसवाल, वरुण गुप्ता, अरविंद सिंह और राजकिशोर सिंह सहित ट्रस्ट के अन्य सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही।