Breaking News

नीचीपुर में सनसनीखेज हत्या, तलवार समेत कई सामान बरामद

Share This News

नमस्कार, स्वागत है आप सभी का Kusum News में।

धनबाद से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के नीचीपुर गांव में जमीन विवाद को लेकर दिलीप महतो की तलवार से हत्या कर दी गई। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को महज दो घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान त्रिवेणी महतो और सूर्यकांत महतो के रूप में हुई है। दोनों मृतक के चचेरे भाई बताए जा रहे हैं।

समाहरणालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान सिटी एसपी ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच पिछले करीब ढाई साल से जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। बताया गया कि विवाद का समाधान हो चुका था, लेकिन घर के पास रखी ईंटों को लेकर एक बार फिर कहासुनी शुरू हो गई।

पुलिस के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब सात बजे दिलीप महतो सब्जी लाने के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान रास्ते में उन्हें रोककर तलवार से हमला किया गया, जिसमें उनकी मौत हो गई।

सिटी एसपी ने यह भी बताया कि पुलिस की शुरुआती जांच में आरोपियों की मंशा पूरे परिवार को निशाना बनाने की सामने आई है। हालांकि, इस पहलू की जांच की जा रही है।

घटना के बाद बरवाअड्डा थाना पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मृतक के घर के पीछे स्थित डोभा से वारदात में इस्तेमाल की गई तलवार बरामद की है। इसके अलावा खून से सनी टी-शर्ट, मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।

पुलिस के मुताबिक, एफआईआर में अन्य लोगों के नाम भी सामने आए हैं, जिनकी भूमिका की जांच की जा रही है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को जेल भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।

फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। जमीन विवाद से शुरू हुआ यह मामला अब हत्या के गंभीर अपराध में बदल गया है।

धनबाद से Kusum News के लिए।

Leave a comment