धनबाद के अभिजीत सिंह हत्याकांड में दो आरोपी गिरफ्तार, एक स्ट्रेचर पर तो दूसरा लंगड़ाते हुए पहुंचा जेल

Share This News

जन्मदिन की पार्टी में मामूली विवाद के बाद लाठी-डंडे, पत्थर और बाइक से हमला करने का आरोप……………

पुलिस के मुताबिक, वारदात में 15 से 20 लोग थे शामिल……………

बाकी आरोपियों की तलाश जारी………………….

धनबाद:धनबाद के चर्चित अभिजीत सिंह हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों सूरज यादव और प्रशांत राउत उर्फ सानू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद जो तस्वीर सामने आई, उसने सबका ध्यान खींचा। एक आरोपी स्ट्रेचर पर लेटा नजर आया, तो दूसरा लंगड़ाते हुए पुलिस के साथ चलता दिखाई दिया। डीएसपी प्रकाश सोय के मुताबिक, जन्मदिन मनाने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद हिंसक हो गया था। आरोप है कि अभिजीत पर लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला किया गया और जमीन पर गिरने के बाद उस पर बाइक भी पटक दी गई। इलाज के दौरान अभिजीत की मौत हो गई थी। पुलिस का कहना है कि वारदात में 15 से 20 लोग शामिल थे। मामले में पांच नामजद आरोपियों में से दो को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

पूरा मामला 19 अक्टूबर का है, जब धनबाद के एक होटल में आयोजित बर्थडे पार्टी के दौरान अभिजीत सिंह के साथ कथित तौर पर मारपीट की गई थी। हमले में गंभीर रूप से घायल अभिजीत को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इसके बाद मृतक के पिता राज प्रकाश ने धनबाद थाना में पांच नामजद और 15 से 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश की गई। इसी क्रम में सूरज यादव और प्रशांत राउत उर्फ सानू को गिरफ्तार किया गया।

डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर प्रकाश सोय ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल लाठी-डंडे, कपड़े और मोबाइल फोन बरामद करने के लिए पुलिस कार्रवाई कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को चकमा देकर भागने की कोशिश में सूरज यादव का पैर टूट गया। डीएसपी के अनुसार, आरोपियों का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है।

इधर, दोनों आरोपियों को जेल भेजे जाने के दौरान मृतक के पिता राज प्रकाश भी जेल गेट पहुंचे। उन्होंने पुलिस की कार्रवाई पर संतुष्टि जताई। पुलिस का दावा है कि मामले के बाकी आरोपियों की भी पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

कुसुम न्यूज़ से कुमार की रिपोर्ट

Leave a comment