भूली में धूमधाम से मनाई गई महर्षि वाल्मीकि जयंती

Share This News

रामायण के संदेशों को जीवन में अपनाने से होगा समाज और देश का कल्याण: दिलीप सिंह

भूली: भारतीय वाल्मीकि धर्म समाज एवं वाल्मीकि महापंचायत के तत्वावधान में रविवार को भूली के ए ब्लॉक स्थित वाल्मीकि नगर में महर्षि वाल्मीकि जयंती धूमधाम से मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता भूली नगर अध्यक्ष निर्मल कुमार ने की। समारोह में समाजसेवी दिलीप सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों ने महर्षि वाल्मीकि के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर तथा माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर की। इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री गंगा वाल्मीकि एवं स्थानीय युवाओं ने अतिथियों और महिलाओं को अंगवस्त्र एवं चुनरी भेंट कर सम्मानित किया।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि दिलीप सिंह ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि महान संत और आदिकवि थे। उन्होंने रामायण जैसे महान ग्रंथ की रचना कर मानव समाज को सत्य, मर्यादा, त्याग और आदर्श जीवन का मार्ग दिखाया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को रामायण में बताए गए सद्मार्ग पर चलने का प्रयास करना चाहिए। इससे समाज और देश का कल्याण संभव है।
उन्होंने कहा कि रामायण हमें दृढ़ संकल्प और मजबूत इच्छाशक्ति की सीख देती है। भगवान श्रीराम के जीवन से प्रेरणा लेकर असंभव कार्यों को भी संभव बनाया जा सकता है। महर्षि वाल्मीकि ने रामायण के माध्यम से भगवान श्रीराम की महिमा का वर्णन करने के साथ ही लोगों को मर्यादित जीवन जीने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम का संचालन मानस रंजन पाल एवं जितेंद्र कुमार ने किया। धन्यवाद ज्ञापन वाल्मीकि महापंचायत के प्रदेश अध्यक्ष पंकज कुमार वाल्मीकि ने किया।

कुसुम न्यूज़ से कुमार की रिपोर्ट

Leave a comment