Breaking News

‘गुपचुप’ थीम ने बटोरी सुर्खियां, न्यू स्टेशन दुर्गा पूजा समिति को प्रथम पुरस्कार

Share This News

चेंबर ऑफ कॉमर्स पुराना बाजार ने किया सम्मानित, अनूठी परिकल्पना देखने उमड़े लाखों श्रद्धालु

धनबाद: न्यू स्टेशन रेलवे कॉलोनी दुर्गा पूजा समिति के अनूठे ‘गुपचुप’ थीम वाले पूजा पंडाल ने इस वर्ष धनबाद में खूब सुर्खियां बटोरीं। अपनी अनोखी परिकल्पना, आकर्षक सजावट और भव्य प्रस्तुति के कारण पंडाल श्रद्धालुओं के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बना रहा। इसकी लोकप्रियता को देखते हुए चेंबर ऑफ कॉमर्स पुराना बाजार की दुर्गापूजा पुरस्कार निर्णायक मंडली ने समिति को ‘बेस्ट थीम’ श्रेणी में प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया।
चेंबर के अध्यक्ष सोहराब खान के नेतृत्व में आयोजित सम्मान समारोह में समिति के अध्यक्ष उदय प्रताप सिंह और महासचिव मुनेश्वर सिंह उर्फ मुन्ना सिंह को अंग वस्त्र ओढ़ाकर प्रथम पुरस्कार का स्मृति चिह्न भेंट किया गया।
इस अवसर पर चेंबर के अध्यक्ष सोहराब खान ने कहा कि न्यू स्टेशन रेलवे कॉलोनी दुर्गा पूजा समिति का पंडाल अपनी अनूठी ‘गुपचुप’ थीम और आकर्षक सजावट के कारण इस वर्ष विशेष चर्चा में रहा। इसकी परिकल्पना इतनी अनोखी थी कि धनबाद के साथ-साथ दूसरे जिलों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पंडाल देखने पहुंचे। खासकर महिलाओं और बच्चों ने इस थीम को खूब पसंद किया। पंडाल की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कई लोग इस पंडाल का पता पूछते हुए न्यू स्टेशन पहुंचे। इस वर्ष लाखों श्रद्धालुओं ने न्यू स्टेशन के खूबसूरत और दर्शनीय पंडाल का दीदार किया और समिति की नवीन परिकल्पना की जमकर सराहना की।प्रथम पुरस्कार प्राप्त करने पर समिति के अध्यक्ष उदय प्रताप सिंह ने चेंबर ऑफ कॉमर्स पुराना बाजार के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान समिति के प्रत्येक सदस्य की मेहनत, समर्पण और सामूहिक प्रयास का सुखद एवं गौरवपूर्ण परिणाम है। इस उपलब्धि से समिति के सदस्यों का उत्साह बढ़ा है। उन्होंने कहा कि अगले वर्ष इससे भी अधिक आकर्षक और भव्य थीम प्रस्तुत करने का प्रयास किया जाएगा। इसके लिए समिति अभी से बेहतर आयोजन की दिशा में प्रयास करेगी। उदय प्रताप सिंह ने सोहराब खान सहित चेंबर के सभी पदाधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
वहीं, समिति के महासचिव मुनेश्वर सिंह उर्फ मुन्ना सिंह ने कहा कि प्रथम पुरस्कार मिलने से पूरी समिति में खुशी का माहौल है। यह सम्मान आने वाले वर्षों में और बेहतर आयोजन करने के लिए समिति के सदस्यों एवं पदाधिकारियों को प्रेरित करेगा। उन्होंने कहा कि समिति के अध्यक्ष उदय प्रताप सिंह और अन्य पदाधिकारी के साथ पूजा के बाद शीघ्र बैठक कर अगले वर्ष भी श्रद्धालुओं के सामने एक नई, आकर्षक और अनूठी थीम प्रस्तुत करने का प्रयास किया जाएगा। अध्यक्ष उदय प्रताप सिंह और महासचिव मुन्ना सिंह ने मां दुर्गा से सभी के सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना की। मौके पर कमेटी के मुनेश्वर सिंह, संजीव , राघवेन्द्र, मनोज, अंशुमन, मधुकर, नितेश, अंकित, बिट्टू, गोलू, सौरव, रौनक , हैप्पी, दिनेश कुशवाहा, राजेश सिंह और चैंबर ऑफ कॉमर्स पुराना बाज़ार के अध्यक्ष सोहराब खान,विजय सैनी,इमरान अली,दिनेश प्रसाद,सलाउद्दीन महाजन,परवेज खान समेत चैंबर के अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

कुसुम न्यूज़ से कुमार की रिपोर्ट

Leave a comment