बंगाल के पारंपरिक शाकाहारी और मांसाहारी व्यंजनों के साथ दुर्गापूजा के जायके का उठाएं लुत्फ
धनबाद: दुर्गापूजा के उत्सवी माहौल को खास बनाने के लिए सोनोटेल धनबाद की ओर से जमजमाट पूजा बंगाली फूड फेस्टिवल का आयोजन किया जा रहा है। 17 से 22 अक्टूबर तक दोपहर 12:30 बजे से रात 10:30 बजे तक होटल के स्प्रेड रेस्टोरेंट में आयोजित होने वाले इस फूड फेस्टिवल में बंगाल की समृद्ध पाक परंपरा और पारंपरिक व्यंजनों के विविध स्वाद का आनंद लिया जा सकेगा। यह आयोजन खास तौर पर उन लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र होगा, जो बंगाली खानपान के शौकीन हैं।
फेस्टिवल के लिए होटल के एग्जीक्यूटिव शेफ अरविंद सेठ ने विशेष मेन्यू तैयार किया है। 25 वर्षों से अधिक के पाक अनुभव वाले शेफ सेठ की देखरेख में मेहमानों को बंगाल के पारंपरिक शाकाहारी और मांसाहारी थाली के साथ कई खास व्यंजनों का स्वाद चखने का मौका मिलेगा।
फेस्टिवल में मोचार चॉप, छेनार कटलेट, पोस्तो प्याजेर बोरा और मांसोर चॉप जैसे पारंपरिक व्यंजनों के साथ चिकन डाक बंगलो, काशा मांग्शो, चिंगड़ी मलाई करी, पापड़ा माछेर झाल और कतला कालिया जैसे लोकप्रिय बंगाली पकवान परोसे जाएंगे। वहीं, मीठे के शौकीनों के लिए मिष्टी दोई, रसगुल्ला और रस मलाई जैसे पारंपरिक मिष्ठान भी मेन्यू का हिस्सा होंगे।
बंगाल के स्वाद और संस्कृति का अनुभव
एग्जीक्यूटिव शेफ अरविंद सेठ ने कहा कि एक बंगाली होने के नाते भोजन उनकी संस्कृति, जड़ों और पहचान का अभिन्न हिस्सा है। इस फेस्टिवल के माध्यम से वह बंगाल के प्रामाणिक स्वाद और उससे जुड़ी भावनाओं को फिर से जीवंत करना चाहते हैं, ताकि मेहमानों को ऐसा अनुभव मिले, मानो वे अपने घर में दुर्गापूजा का उत्सव मना रहे हों।होटल के हेड मैनेजर गोरा चंद हलधर ने कहा प्रामाणिक बंगाली व्यंजनों, उत्सवी माहौल और गर्मजोशी भरे आतिथ्य के साथ जमजमाट पूजा धनबादवासियों को दुर्गापूजा के दौरान एक यादगार खानपान अनुभव प्रदान करेगा।