तेतुलतल्ला दुर्गा पूजा पंडाल में दिखेगा मोर थीम का आकर्षण

Share This News

75 फीट ऊंचा होगा भव्य पंडाल, नाचता हुआ पंडाल और पशु-पक्षियों के दृश्य होंगे खास आकर्षण

सुरक्षा के लिए 300 वॉलंटियर, 12 सीसीटीवी कैमरे और ड्रोन से होगी निगरानी

धनबाद: पुराना बाजार पानी टंकी स्थित श्री श्री सार्वजनिक तेतुलतल्ला दुर्गा पूजा समिति की ओर से दुर्गापूजा की तैयारियों को लेकर मंगलवार को प्रेस वार्ता सह बैठक का आयोजन किया गया। इस मौके पर राजद के जिलाध्यक्ष राघवेंद्र यादव एवं युवा संघर्ष मोर्चा के संस्थापक दिलीप सिंह अतिथि के रूप में उपस्थित थे। समिति के अध्यक्ष जयदेव गुप्ता मनोज उर्फ जेडी डा ने मीडिया को संबोधित करते हुए बताया कि इस वर्ष पूजा पंडाल को आकर्षक और भव्य रूप दिया जा रहा है। पंडाल की ऊंचाई 75 फीट होगी और इसे विशेष थीम पर तैयार किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि पंडाल की सजावट में मोर पक्षी की थीम प्रमुख आकर्षण होगी। इसके अलावा पंडाल के अंदर एनाकोंडा, बादलों के दृश्य, चहचहाते पशु-पक्षी और घोड़े सहित कई आकर्षक दृश्य देखने को मिलेंगे। ध्यानमग्न संतों की आकृतियां भी सजावट का हिस्सा होंगी। पंडाल को इस तरह तैयार किया जा रहा है कि वह हिलता हुआ और नाचता हुआ प्रतीत होगा। मां दुर्गा की प्रतिमा में पारंपरिक ढाक शैली की झलक देखने को मिलेगी।

18 लाख रुपये का होगा पूजा बजट

सचिव सुरेंद्र यादव ने बताया कि इस वर्ष दुर्गापूजा आयोजन का कुल बजट लगभग 18 लाख रुपये निर्धारित किया गया है। इसमें पंडाल निर्माण पर करीब आठ लाख रुपये, लाइटिंग पर दो लाख रुपये और प्रतिमा निर्माण पर एक लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। शेष राशि अन्य व्यवस्थाओं और आयोजन संबंधी कार्यों पर खर्च होगी। पंडाल निर्माण का कार्य तेजी से चल रहा है।

300 वॉलंटियर संभालेंगे सुरक्षा और व्यवस्था

श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए समिति ने 300 वॉलंटियरों की टीम तैयार की है। पूरे पूजा परिसर में 12 सीसीटीवी कैमरों के साथ ड्रोन कैमरे से भी निगरानी की जाएगी। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 12×8 फीट की एलईडी स्क्रीन लगाई जाएगी। इसके अलावा प्राथमिक उपचार केंद्र, पुलिस कंट्रोल रूम, खोया-पाया केंद्र, पेयजल और महिलाओं के लिए शौचालय की व्यवस्था की जाएगी। पूजा परिसर में जगह-जगह वॉलंटियर तैनात रहेंगे, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।
तेतुलतल्ला मैदान में लगेगा भव्य मेला
हर वर्ष की परंपरा के अनुसार इस बार भी तेतुलतल्ला मैदान में भव्य मेले का आयोजन किया जाएगा। मां दुर्गा के दर्शन और आशीर्वाद के बाद श्रद्धालु विभिन्न प्रकार के झूलों का आनंद ले सकेंगे। बच्चों और महिलाओं के लिए विशेष झूले लगाए जाएंगे, जबकि बड़ों के लिए बड़ा झूला आकर्षण का केंद्र रहेगा।
सुरेंद्र यादव ने बताया कि वर्ष 2024 में मेले की विधि-व्यवस्था के लिए समिति को प्रथम पुरस्कार प्राप्त हुआ था। इस बार भी बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए विशेष तैयारी की जा रही है।
समाजसेवा और सम्मान समारोह भी होगा
समिति की ओर से दुर्गापूजा के दौरान धनबाद के सभी विधायकों, समाजसेवियों और सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों को पगड़ी पहनाकर सम्मानित करने की योजना है। इसके साथ ही जरूरतमंद महिलाओं के बीच साड़ी और वस्त्रों का वितरण भी किया जाएगा।
प्रेस वार्ता के दौरान समिति की ओर से धनबाद के पत्रकारों को चुनरी और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। समिति के पदाधिकारियों ने पूजा की तैयारियों और आयोजन में मीडिया के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर समिति के महेश प्रसाद, दिलीप प्रसाद, भारत प्रसाद, मनोज कुमार, मास्टर दा, उत्तम सिन्हा सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।

Leave a comment