महालया की संध्या पर ‘बोधन’ ने किया सामाजिक कुरीतियों पर प्रहार
धनबाद:दुर्गापूजा के शुभारंभ के उल्लास के बीच लिंडसे क्लब एंड लाइब्रेरी में शनिवार की रात महालया के अवसर पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में गीतिनाट्य ‘बोधन’ मुख्य आकर्षण रहा। इसके माध्यम से भ्रष्टाचार, आर्थिक लालच, अन्याय और अनैतिकता जैसी सामाजिक बुराइयों पर करारा प्रहार किया गया। कलाकारों की प्रभावशाली प्रस्तुति ने दर्शकों को भावुक करने के साथ-साथ सामाजिक व्यवस्था की खामियों पर गंभीरता से विचार करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि आईआईटी (आईएसएम) धनबाद के प्रोफेसर ऑफ प्रैक्टिस अनिंद्य सिन्हा तथा विशिष्ट अतिथि सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) की जनरल मैनेजर (इलेक्ट्रिकल एंड मैकेनिकल) सुचंद्रा सिन्हा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
‘बोधन’ में उजागर हुई भ्रष्टाचार की भयावह तस्वीर
सांस्कृतिक सचिव देवयानी विश्वास एवं सहायक सांस्कृतिक सचिव अरुण कुमार बनर्जी के लेखन और निर्देशन में प्रस्तुत गीतिनाट्य ‘बोधन’ ने सामाजिक व्यवस्था में व्याप्त भ्रष्टाचार और अन्याय की गंभीर तस्वीर पेश की। नाटक में दिखाया गया कि किस प्रकार आर्थिक लालच के कारण एक मेधावी छात्रा को उसके उचित अधिकार से वंचित कर दिया जाता है और दूसरी छात्रा को अनुचित तरीके से परीक्षा में उत्तीर्ण करा दिया जाता है। इस अन्याय से आहत मेधावी छात्रा अंततः अपनी जान गंवा देती है।
इस मार्मिक घटनाक्रम के माध्यम से प्रस्तुति ने सवाल उठाया कि जब धन और स्वार्थ के सामने प्रतिभा, ईमानदारी तथा न्याय को कुचल दिया जाता है, तो उसका परिणाम कितना विनाशकारी हो सकता है। गीतिनाट्य ने दर्शकों को भ्रष्टाचार और अनैतिकता के दुष्परिणामों के प्रति सचेत किया। दर्शकों ने कलाकारों की प्रस्तुति की जमकर सराहना की।
समाज को सही दिशा देने में संस्कृति की अहम भूमिका
क्लब के अध्यक्ष अमलेंद्र सिन्हा ने अपने संबोधन में समाज के प्रति लिंडसे क्लब एंड लाइब्रेरी की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक संस्थाओं का दायित्व केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज को सही दिशा दिखाना, नैतिक मूल्यों को प्रोत्साहित करना और सामाजिक जागरूकता बढ़ाना भी है।
मुख्य अतिथि अनिंद्य सिन्हा ने क्लब के कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने सांस्कृतिक गतिविधियों को सामाजिक चेतना जागृत करने और सकारात्मक विचारों को बढ़ावा देने का प्रभावी माध्यम बताया।
क्लब के सचिव सलिल विश्वास ने कार्यक्रम की सफलता पर प्रसन्नता जताते हुए सभी कलाकारों, क्लब के सदस्यों एवं सदस्याओं की सराहना की। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सभी के सहयोग, समर्पण और सक्रिय भागीदारी के लिए आभार व्यक्त किया। साथ ही सभी को दुर्गापूजा की शुभकामनाएं दीं।
लिंडसे क्लब एंड लाइब्रेरी की यह सांस्कृतिक संध्या कला और मनोरंजन के साथ सामाजिक सरोकारों का सशक्त उदाहरण बनी। आयोजन के माध्यम से ईमानदारी, न्याय, नैतिकता और मानवीय संवेदनाओं को मजबूत करने का संदेश दिया गया। क्लब ने एक बार फिर स्पष्ट किया कि सांस्कृतिक गतिविधियों के जरिए सामाजिक कुरीतियों को उजागर करना और सकारात्मक बदलाव के लिए लोगों को प्रेरित करना उसकी प्रतिबद्धता का अहम हिस्सा है।
कुसुम न्यूज़ से कुमार की रिपोर्ट
